भारत की सख्ती से घबराया पाकिस्तान, शहबाज शरीफ ने बुलाई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक
इस्लामाबाद। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार के तीखे और निर्णायक कदमों से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। भारत के रुख को देखते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की आपात बैठक बुलाई है।
प्रधानमंत्री शरीफ ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि यह बैठक भारत की हालिया घोषणाओं और संभावित कूटनीतिक-आर्थिक जवाबों को ध्यान में रखते हुए बुलाई गई है। पाकिस्तान के डिप्टी प्रधानमंत्री इशाक डार ने भी एक्स पर पुष्टि की कि भारत के कड़े बयानों के जवाब में देश की शीर्ष सुरक्षा एजेंसियां और राजनयिक एक साथ बैठक करेंगे।
इससे पहले बुधवार शाम भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट सुरक्षा समिति (सीसीएस) की बैठक हुई थी, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले को लेकर रणनीतिक फैसले लिए गए।
बैठक के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विक्रम मिस्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भारत ने सिंधु जल संधि (1960) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह संधि तब तक लागू नहीं होगी जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद का समर्थन पूरी तरह बंद नहीं करता।
इसके अलावा अटारी एकीकृत चेक पोस्ट को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। वैध दस्तावेजों के साथ जो लोग पाकिस्तान से भारत आ चुके हैं, उन्हें 1 मई 2025 से पहले लौटने की सलाह दी गई है।
भारत के इन कदमों से पाकिस्तान में चिंता की लहर है और अब वह अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करने को मजबूर है।