पाकिस्तान ने भारत के लिए एयरस्पेस सील किया, सभी द्विपक्षीय समझौते स्थगित

इस्लामाबाद। पहलगाम के आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौता रद्द करने समेत कुछ और कदम उठाये जाने को पाकिस्तान ने अपनी संप्रभुता पर सीधा हमला मानते हुए इसे ‘युद्ध की घोषणा के बराबर’ बताया है। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारत के लिए पाकिस्तानी एयरस्पेस बंद करने से समेत कई कदम उठाए हैं। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारत के साथ सभी द्विपक्षीय समझौतों को स्थगित रखने के अधिकार की बात कही है, जिसमें शिमला समझौता भी शामिल है।

Apr 24, 2025 - 16:50
 0
पाकिस्तान ने भारत के लिए एयरस्पेस सील किया, सभी द्विपक्षीय समझौते स्थगित
पाकिस्तान की सुरक्षा समिति की बैठक।

-पाकिस्तान की सुरक्षा समिति का बयान– हर हाल में करेंगे देश की रक्षा

सबसे पहले पाकिस्तान ने भारत के लिए वाघा सीमा को पूर्ण रूप से बंद कर दिया है और घोषणा की है कि ‘सीमा पार आवागमन बिना किसी अपवाद के बंद रहेगा।’ इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारत से जुड़े सभी हवाई मार्गों को भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि अब भारत के साथ किसी भी तीसरे देश का व्यापार, जो पाकिस्तान के रास्ते होता था, उसे भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य राजनयिकों को "अवांछित व्यक्ति" घोषित कर उन्हें निष्कासित कर दिया है और इस्लामाबाद स्थित भारतीय राजनयिकों की संख्या घटाकर 30 कर दी गई है।

पाकिस्तान बोला- अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए तैयार

भारतीय नागरिकों के लिए सार्क वीजा सुविधा भी निलंबित कर दी गई है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क की संभावनाएं और सिमट गई हैं। पाकिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान और उसकी सेना अपनी संप्रभुता, सीमाओं और नागरिकों की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस बयान को पाकिस्तान के रक्षात्मक-सामरिक दृष्टिकोण का इशारा माना जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor