दो विधायकों के हंगामा करने पर पक्षालिका सिंह खुद ही मंच से उतर नीचे बैठ गईं

आगरा। केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा यहां शिल्पग्राम रोड पर आयोजित किए गए पंचायती राज सम्मेलन में मंच पर जगह न मिलने का दो विधायकों द्वारा विरोध किए जाने के बाद मंचस्थ एकमात्र विधायक रानी पक्षालिका सिंह खुद ही मंच से उतरकर नीचे आकर बैठ गईं थीं।

Nov 19, 2024 - 16:55
 0
दो विधायकों के हंगामा करने पर पक्षालिका सिंह खुद ही मंच से उतर नीचे बैठ गईं

आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल पर विधायकों के बैठने की व्यवस्था मंच के नीचे अग्रिम पंक्ति में की थी। जिले में नौ विधायक और कई विधान परिषद सदस्य हैं। नौ विधायकों में से केवल बाह की विधायक रानी पक्षालिका सिंह को मंच पर बैठाया गया था। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अकेले रानी पक्षालिका सिंह को ही मंच पर जगह क्यों दी गई। 
 
सूत्रों का कहना है कि एकमात्र महिला विधायक होने के कारण पक्षालिका सिंह को मंच पर जगह दी गई थी। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्य़क्ष डा. बबीता चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष डा. मंजू भदौरिया को प्रोटोकाल के तहत मंच पर बैठाया गया था। 
 
अकेले रानी पक्षालिका सिंह को मंच पर देख फतेहपुरसीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल और फतेहाबाद के विधायक छोटे लाल वर्मा ने यह कहते हुए हंगामा किया कि उन्हें मंच पर क्यों नहीं बैठाया गया जबकि वे तो कई-कई बार के विधायक हैं। 

दोनों विधायकों ने सम्मेलन का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया और वहां से जाने लगे, लेकिन विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल और अधिकारियों ने उन्हें जैसे-तैसे शांत कर बहिष्कार करने से रोका था। 
 
दो विधायकों द्वारा मंच पर जगह न मिलने को लेकर किए गए हंगामे को देख विधायक रानी पक्षालिका सिंह खुद ही मंच से नीचे उतर आईं और वहां आकर बैठ गईं, जहां अन्य विधायक बैठे हुए थे।

पक्षालिका सिंह को मंच पर ले गए थे एक वरिष्ठ अधिकारी

पंचायती राज सम्मेलन में विधायक चौधरी बाबूलाल और छोटे लाल वर्मा पहले ही आकर विधायकों के लिए नियत सीटों पर बैठ गए थे। विधायक रानी पक्षालिका सिंह इन दोनों विधायकों के बाद सम्मेलन में पहुंचीं। कान्फ्रेंस हाल के गेट पर ही वीआईपी को रिसीव कर रहे पंचायती राज मंत्रालय के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रानी पक्षालिका सिंह को सीधे मंच पर ले गए और वहां बैठा दिया।

विधायकों को नीचे बैठे देख असहज भी हुई थीं पक्षालिका सिंह

जानकार सूत्रों का कहना है कि मंचस्थ होने के बाद विधायक रानी पक्षालिका सिंह की नजर नीचे बैठे दूसरे विधायकों पर पड़ीं तो वे कुछ असहज हुईं। उन्होंने पास बैठे केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल से भी कहा भी कि सारे विधायक नीचे बैठे हैं तो उन्हें यहां क्यों बैठाया गया है। 
इस पर प्रोफेसर बघेल ने कहा कि आयोजकों ने आपको यहां बैठाया है तो बैठिए। इसके कुछ देर बाद ही दोनों विधायकों की ओर से मंच पर जगह न मिलने पर हंगामा खड़ा कर दिया गया। इस पर पक्षालिका सिंह मंच से नीचे उतरकर अन्य विधायकों के साथ आकर बैठ गईं। 

SP_Singh AURGURU Editor