साल के आखिरी दिन खुलेगा पीलीभीत टाइगर रिजर्व, सैलानियों के लिए खास सौगात
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। तमाम खट्टी–मीठी यादों को समेटे वर्ष 2025 विदा लेने जा रहा है और नए साल के स्वागत से ठीक पहले सैलानियों के लिए एक सुखद खबर है। साल के आखिरी दिन 31 दिसंबर, बुधवार को पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। सामान्यतः प्रत्येक बुधवार को वीकली ऑफ के कारण पीटीआर बंद रहता है, लेकिन नववर्ष से पूर्व सैलानियों की भारी संभावित भीड़ को देखते हुए यह विशेष निर्णय लिया गया है।
पीटीआर के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर को बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की संभावना है। नववर्ष के स्वागत के लिए लोग जंगल सफारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेना चाहते हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए रिजर्व को खोले जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग पूरी तरह सतर्क है और पर्यटकों की सुविधा व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक बुधवार को आरक्षित वन क्षेत्र में जंगल सफारी पर प्रतिबंध रहता है, लेकिन इस बार 2025 का आखिरी दिन बुधवार को पड़ने के कारण विशेष छूट दी गई है। हजारों सैलानी इस दिन जंगल की सैर कर प्रकृति के सौंदर्य का अनुभव करते हैं।
इसके साथ ही जंगल के बीचों-बीच स्थित बाइफरकेशन और शारदा सागर डैम पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण बने रहेंगे। इन स्थानों पर भी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।
पीटीआर के खुले रहने की सूचना से प्रकृति प्रेमियों और वन्यजीव प्रेमियों में खासा उत्साह है। साल के अंतिम दिन जंगल की हरियाली, वन्यजीवों की हलचल और शांत वातावरण में नया साल आने की प्रतीक्षा करना सैलानियों के लिए यादगार अनुभव बनने जा रहा है।