जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की पत्नी से मिले पीएम मोदी, बोले शिंजो मेरे प्रिय मित्र और दूरदर्शी नेता, भारत के साथ संबंधों को नई ऊंचाइयां दीं
जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की पत्नी आकिए आबे ने पीएम मोदी से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री को अपना प्रिय मित्र और दूरदर्शी नेता बताते हुए भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनके योगदान को याद किया।
नई दिल्ली। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी अकिए आबे ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की। एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा, वह अकिए आबे से मिलकर प्रसन्न हुए और भारत के साथ उनके लंबे जुड़ाव को वह बहुत महत्व देते हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दिवंगत शिंजो आबे उनके प्रिय मित्र और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में शिंजो आबे की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वाराणसी स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन शिंजो आबे के भारत-जापान मित्रता में योगदान को सम्मान देने वाला उचित कदम है। इस कॉरिडोर का उद्घाटन अकिए आबे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।
पीएम मोदी ने पोस्ट में कहा, 'शिंजो आबे एक करीबी दोस्त और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाई थी। कल वाराणसी के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 'आबे मेमोरियल कॉरिडोर' का उद्घाटन, भारत-जापान दोस्ती में उनके अमूल्य योगदान के लिए एक उचित सम्मान है।'
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शिंजो आबे की पत्नी आकिए आबे के साथ वाराणसी में 'आबे मेमोरियल कॉरिडोर' का उद्घाटन किया था। इस सेंटर की गैलरी में शिंजो आबे के 2015 के काशी दौरे की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। इस मौके पर सीएम ने कहा कि भारत और जापान के रिश्ते किसी स्वार्थ पर नहीं, बल्कि गहरे विश्वास पर टिके हैं।
सीएम ने जापानी भाषा में जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते कहा था, 'सेकाई पे मोतमो फराई तोसी बनारसी योकोसा', यानी विश्व के सबसे प्राचीन शहर बनारस में आपका स्वागत है। उन्होंने अपनी हालिया जापान यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के पास 500 एकड़ में जापानी सिटी विकसित की जा रही है।
आकिए आबे पति को याद कर मंच पर ही भावुक हो गईं थीं। उन्होंने कहा कि अगर आज उनके पति जीवित होते तो इस सुंदर स्मारक को देखकर बेहद खुश होते। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी की जापान यात्रा के दौरान रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर बनाने की बात तय हुई थी।