थानाध्यक्ष ने वकील को उठाया और पीटा, फतेहाबाद के अधिवक्ता दो दिन से हड़ताल पर

आगरा। कानून की रक्षा का दायित्व निभाने वाली वर्दी पर गंभीर आरोप लगे हैं। डौकी थानाध्यक्ष पर एक अधिवक्ता को घर से उठा ले जाने, थाने में बेरहमी से पीटने और फर्जी मुकदमा दर्ज करने का संगीन आरोप लग रहा है। इस प्रकरण ने वकालत पेशे से जुड़े समुदाय में जबरदस्त आक्रोश फैला दिया है। दो दिन से फतेहाबाद तहसील परिसर में अधिवक्ताओं का धरना और हड़ताल जारी है। पुलिस-प्रशासन और थानाध्यक्ष के खिलाफ गगनभेदी नारेबाजी हो रही है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक दोषी पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।

Sep 19, 2025 - 17:13
 0
थानाध्यक्ष ने वकील को उठाया और पीटा, फतेहाबाद के अधिवक्ता दो दिन से हड़ताल पर
अधिवक्ता से थाने में मारपीट के विरोध में फतेहाबाद तहसील में धरने पर बैठे अधिवक्ता।

शिकायत से चिढ़े थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद तहसील में अधिवक्ता कुलदीप राजपूत ने एक मुकदमे में डौकी थानाध्यक्ष योगेश नागर को पार्टी बनाया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर थानाध्यक्ष ने 11 सितंबर की रात अधिवक्ता को उनके घर से उठवा लिया। गाली-गलौज और दबंगई का प्रदर्शन करते हुए थाने में जमकर मारपीट की।

रात में छोड़ा, फर्जी मुकदमा भी दर्ज

बताया गया कि अन्य अधिवक्ताओं के मौके पर पहुंचने के बाद रात में अधिवक्ता को छोड़ा गया, लेकिन थानाध्यक्ष ने दबाव बनाने के लिए उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा भी दर्ज कर दिया। पीड़ित अधिवक्ता ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की, लेकिन कार्रवाई न होने से अधिवक्ता समाज में आक्रोश और गहरा गया।

दो दिन से धरना, थानाध्यक्ष मुर्दाबाद के नारे

इस मामले को लेकर गुरुवार से फतेहाबाद तहसील परिसर में अधिवक्ताओं का धरना जारी है। शुक्रवार को भी अधिवक्ता शाम तक हड़ताल पर डटे रहे। इस दौरान थानाध्यक्ष डौकी मुर्दाबाद और पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे गूंजते रहे।

विधायक ने भी की शिकायत

जानकारी के अनुसार, स्थानीय विधायक ने भी डौकी थानाध्यक्ष की शिकायत लखनऊ तक पहुंचाई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि योगेश नागर की कार्यशैली से क्षेत्र में आतंक का माहौल है। जब तक उन पर कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन तेज़ किया जाएगा।

अधिवक्ता संगठनों से समर्थन की अपील

धरने पर बैठे अधिवक्ताओं में से एक धर्म सिंह राजपूत ने कहा कि अधिवक्ता समाज को दबाने का यह प्रयास किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई तक हड़ताल जारी रहेगी। इसके लिए अन्य अधिवक्ता संगठनों से भी सहयोग मांगा जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor