ताज महोत्सव 2026 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, दो स्थलों पर मंथन, 5.71 करोड़ का अनुमानित बजट तय

आगरा। विश्वप्रसिद्ध ताज महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को ताज महोत्सव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान पर्यटन विभाग द्वारा महोत्सव की तैयारियों से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई और आयोजन को भव्य व सुव्यवस्थित बनाने पर गहन चर्चा हुई।

Dec 23, 2025 - 20:38
 0
ताज महोत्सव 2026 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, दो स्थलों पर मंथन, 5.71 करोड़ का अनुमानित बजट तय
ताज महोत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों संग बैठक करते हुए मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह।

मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक, दिसंबर अंत तक एजेंसियों के चयन के निर्देश

आगरा। विश्वप्रसिद्ध ताज महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को ताज महोत्सव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान पर्यटन विभाग द्वारा महोत्सव की तैयारियों से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई और आयोजन को भव्य व सुव्यवस्थित बनाने पर गहन चर्चा हुई।

बैठक में ताज महोत्सव के आयोजन के लिए दो प्रमुख स्थलों का प्रस्ताव रखा गया। पहला स्थल ‘आई लव आगरा’ सेल्फी प्वाइंट के पास स्थित मैदान और दूसरा तोरा चौकी के पास लगभग 27 एकड़ क्षेत्रफल वाला स्थल प्रस्तावित किया गया। मंडलायुक्त ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि डीसीपी, एसीपी, एसीपी ट्रैफिक एवं फायर विभाग के अधिकारियों के साथ दोनों स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर जल्द से जल्द अंतिम स्थल का चयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चयनित स्थल का फाइनल लेआउट प्लान शीघ्र तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।

आयोजन से जुड़े विभिन्न टेंडरों की समय-सीमा पर भी बैठक में जानकारी दी गई। बताया गया कि इवेंट मैनेजमेंट, आर्टिस्ट मैनेजमेंट एजेंसी, बैनर-होर्डिंग्स एवं प्रिंट डिजाइन एजेंसियों से संबंधित टेंडर जारी किए जा चुके हैं। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि दिसंबर माह के अंत तक सभी संबंधित एजेंसियों का चयन अनिवार्य रूप से कर लिया जाए, ताकि तैयारियों में कोई देरी न हो।

स्टाल बुकिंग की प्रक्रिया को लेकर बताया गया कि 8 दिसंबर से आवेदन फॉर्म का वितरण शुरू हो चुका है और 8 फरवरी 2026 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। जनहित को ध्यान में रखते हुए सरकारी योजनाओं एवं महत्वपूर्ण विभागों से संबंधित स्टाल भी लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को सरकारी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी मिल सके।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कलाकारों के चयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। 15 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक कलाकारों से आवेदन मांगे गए हैं, जबकि 20 जनवरी 2026 तक स्थानीय कलाकारों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। निर्णय लिया गया कि चयनित मुख्य आयोजन स्थल के अतिरिक्त ‘आई लव आगरा’ सेल्फी प्वाइंट, सदर बाजार, फतेहपुर सीकरी और बटेश्वर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पूर्व की भांति सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि बॉलीवुड नाइट के लिए इस बार किसी बड़े और विख्यात कलाकार को आमंत्रित किया जाएगा। मुख्य मंच के अलावा मैदान में एक अलग छोटा मंच बनाए जाने पर भी विचार हुआ, जहां प्रतिदिन स्थानीय एवं बाल कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, जिससे महोत्सव में आने वाले दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिल सके।

ताज महोत्सव 2026 के अनुमानित व्यय पर चर्चा करते हुए बताया गया कि इस वर्ष आयोजन के लिए लगभग 5.71 करोड़ रुपये का संभावित बजट निर्धारित किया गया है। बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त अनुज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव, उद्यान अधीक्षक  रजनीश पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने महोत्सव को सफल, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया।