सुमन के आवास पर विरोध प्रदर्शन स्वाभाविक प्रतिक्रिया-सांसद चाहर
आगरा। फतेहपुरसीकरी के सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुमार चाहर ने करणी सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर किए गये विरोध प्रदर्शन को स्वाभाविक प्रतिक्रिया करार दिया है।
-महापराक्रमी राणा सांगा पर की गई टिप्पणी से नौजवानों में आक्रोश पनपा
-भाजपा सांसद ने कहा- प्रदर्शन के दौरान छत से पथराव के बाद बात बिगड़ी
श्री चाहर ने एक वीडियो जारी कर कहा कि करणी सेना के नौजवानों द्वारा सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर विरोध प्रदर्शन की खबर आ रही है। सांसद जी (सुमन) ने जिस प्रकार की अनर्गल बयानबाजी राणा सांगा के लिए की, वह तुष्टीकरण की सारी पराकाष्ठाओं को पार करती है।
सांसद चाहर ने कहा कि आप औरंगजेब का महिमा मंडन करिए, सपा के डीएनए में है। आप बाबर का करिए, आप मानेंगे नहीं क्योंकि एक वर्ग विशेष के वोट बैंक को अपने पाले में लाने के लिए आप ये तुष्टिकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप कुछ भी करिए, लेकिन आप भारत के गौरव, महापराक्रमी, शूरवीर राणा सांगा के ऊपर टिप्पणी करेंगे, वह भी टिप्पणी ऐसी कि राणा सांगा गद्दार थे तो नौजवान तो आक्रोशित होगा ही।
श्री चाहर ने कहा कि राणा सांगा को मानने वाले हम सब क्या गद्दार हैं। भारतवंशियों को आप गद्दार कहेंगे। आपको तुरंत माफी मांगनी चाहिए थी, हालांकि यह बयान देकर आप माफी के भी काबिल नहीं बचे थे। उन्होंने कहा इस तरह की भाषा को सुनकर नौजवानों का आक्रोशित होकर प्रदर्शन करना स्वाभाविक प्रतिक्रिया है। करणी सेना के नौजवानों ने भी सुमन के आवास पर प्रदर्शन किया है। नौजवान क्रांति भी करता है। नौजवान अपने देश, कौम और स्वाभिमान के लिए लड़ता है।
सांसद चाहर ने कहा कि करणी सेना के नौजवानों ने आक्रोश में प्रदर्शन किया, लेकिन आपके (सुमन) लोग भी छत पर खड़े होकर पथराव कर रहे थे। करणी सेना के नौजवान तो बाहर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे थे। छत से पथराव हुआ तो प्रदर्शनकारी नौजवान और आक्रोशित हो गये। इसके बाद इन नौजवानों से भी गलती हो गई।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने तो यह कहा था कि नौजवान हैं, गलती हो जाती है। तो आज करणी सेना के नौजवानों ने गलती हो गई है, लेकिन आक्रोशित होकर की है। प्रदर्शन करना प्रजातंत्र में सबका अधिकार है। अगर कोई हमारे राष्ट्रवीरों के साथ कोई गलत बयानबाजी करेगा तो नौजवान निश्चित रूप से प्रदर्शन करेगा।