मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर 93 हेक्टेयर में आकार लेगी रहीमपुर टाउनशिप, 65 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा
मथुरा। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मथुरा और फरह के बीच प्रस्तावित रहीमपुर टाउनशिप को विकसित करने की दिशा में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने तेजी से कदम बढ़ाए हैं। टाउनशिप के लिए अब तक करीब 65 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किसानों की सहमति से पूरा किया जा चुका है। जल्द ही यह आंकड़ा 75 हेक्टेयर तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद प्राधिकरण टाउनशिप को लॉन्च करने की तैयारियों को आगे बढ़ाएगा। कुल 93 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इस टाउनशिप में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के साथ होटल, स्कूल, कॉलेज, सामुदायिक केंद्र और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
वृंदावन के निकट गोविंद विहार और हनुमत विहार योजनाओं को लॉन्च करने के बाद मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण अब दो बड़ी आवासीय योजनाओं पर तेजी से काम कर रहा है। इनमें छाता में प्रस्तावित 117 हेक्टेयर की आवासीय योजना और फरह के निकट 93 हेक्टेयर क्षेत्रफल की रहीमपुर टाउनशिप शामिल हैं।
किसानों की सहमति से 65 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण
रहीमपुर टाउनशिप के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। अब तक किसानों की सहमति से करीब 65 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। यह टाउनशिप के प्रस्तावित कुल क्षेत्रफल का करीब 70 प्रतिशत है। प्राधिकरण जल्द ही 75 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण का लक्ष्य पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
जल्द लॉन्च करने की तैयारी
प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि छाता योजना के साथ रहीमपुर टाउनशिप को भी जल्द लॉन्च करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यह टाउनशिप रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थान पर है। यह एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली के भी निकट है।
आवासीय और व्यावसायिक भूखंड होंगे
प्रस्तावित टाउनशिप में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के साथ विभिन्न सामुदायिक सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा। योजना में होटल, स्कूल, कॉलेज, कम्युनिटी सेंटर और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा एलआईजी और एमआईजी आवासीय भूखंडों के साथ फार्म हाउस और वेयरहाउस के लिए भी भूमि का प्रावधान रखा गया है।
मथुरा-आगरा के बीच रणनीतिक स्थिति
राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधी कनेक्टिविटी और मथुरा-आगरा के बीच स्थित होने के कारण रहीमपुर टाउनशिप को क्षेत्र के सुनियोजित विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण योजना माना जा रहा है। टाउनशिप के विकसित होने से इस क्षेत्र में आवासीय गतिविधियों के साथ व्यावसायिक और संस्थागत विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।