राफेल पर दिए बयान को लेकर घिरे राहुल गांधी, भाजपा ने कहा- पाक का प्रोपेगेंडा बेनकाब, देश से माफी मांगें कांग्रेस नेता
राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सवाल उठाए थे कि कितने राफेल गिरे। अब बीजेपी ने इसी कमेंट पर कांग्रेस नेता को घेरा है। उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान का प्रोपेगैंडा बेनकाब हो गया है।
नई दिल्ली। बीजेपी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से फैलाए गए दुष्प्रचार को आगे बढ़ाने का काम किया। केंद्र की सत्ताधारी पार्टी का दावा है कि 36 राफेल को लेकर भारतीय वायुसेना के हालिया टेंडर ने पाकिस्तान और कांग्रेस के दावों को पूरी तरह गलत साबित कर दिया है।
दरअसल, जून 2026 में भारतीय वायुसेना ने अपने सभी 36 राफेल लड़ाकू विमानों के लिए अंतरिम 'ब्रिज सपोर्ट' पैकेज से जुड़ा एक टेंडर जारी किया। बीजेपी का कहना है कि अगर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कोई राफेल फाइटर जेट नष्ट हुआ होता, जैसा कि पाकिस्तान दावा करता रहा है, तो यह टेंडर 36 विमानों के लिए जारी नहीं किया जाता।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद राहुल गांधी सवाल उठाए थे कि पाकिस्तान के साथ सैन्य संघर्ष में 'कितने राफेल गिरे'। इसी पर अब बीजेपी ने ज़ोरदार हमला किया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान राहुल गांधी ने ऐसी बातें कहीं जो पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा जैसी थीं। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि जब पाकिस्तान राफेल जेट्स को मार गिराने के दावे कर रहा था, तब राहुल गांधी ने इस्लामाबाद से सबूत मांगने के बजाय केंद्र सरकार से सवाल पूछे।
अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, जब भारत राष्ट्रीय सुरक्षा की एक गंभीर चुनौती का सामना कर रहा था, तब राहुल गांधी ने ऐसे सवालों और बातों को बढ़ावा दिया जो भारतीय राफेल फाइटर जेट्स के बारे में पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा से मेल खाते थे।' बीजेपी नेता के अनुसार, पाकिस्तान के सूचना तंत्र ने इस दावे को फैलाने के लिए जोर-शोर से काम किया कि भारतीय राफेल जेट्स को मार गिराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय राहुल की बातों ने एक दुश्मन पड़ोसी देश की ओर से फैलाए जा रहे नैरेटिव को वैधता दे दी।
अमित मालवीय ने आगे कहा कि पाकिस्तान से सबूत मांगने के बजाय, राहुल गांधी ने भारत सरकार से जवाब मांगे, जिससे एक संवेदनशील समय पर दुश्मन के दावे को विश्वसनीयता मिली। बीजेपी नेता ने आगे ये भी कहा कि हाल ही में आए आईएएफ टेंडर इस बात का सबूत हैं कि पाकिस्तान का नैरेटिव ध्वस्त हो गया है। उनका तर्क था कि राष्ट्रीय सुरक्षा ऑपरेशन के दौरान दुश्मन के गलत जानकारी फैलाने वाले अभियान को बढ़ावा देना न केवल गैर-जिम्मेदाराना राजनीति है, बल्कि राष्ट्रीय हित के साथ धोखा भी है।
अमित मालवीय ने कहा कि भारतीय वायु सेना ने तथ्यों के साथ जवाब दिया है। पाकिस्तान का प्रोपेगैंडा बेनकाब हो गया है। जिन लोगों ने इसे बढ़ावा दिया, उन्हें देश को सफाई देनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कई भारतीय इस तरह के व्यवहार को रेड लाइन पार करने जैसा मानेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भारतीय वायुसेना ने अपने कदम से पाकिस्तान के दावों की सच्चाई सामने ला दी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा को भारतीय वायुसेना ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। हाल ही में जारी सपोर्ट पैकेज का टेंडर सभी 36 राफेल विमानों के लिए है।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि इससे साफ हो गया है कि राफेल विमानों के मार गिराए जाने को लेकर पाकिस्तान और कांग्रेस जो कहानी सुना रहे थे, वह पूरी तरह झूठी थी। ऑपरेशन सिंदूर भारत की ओर से मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सैन्य अभियान था। बीजेपी का आरोप है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने राफेल विमानों को लेकर ऐसे सवाल उठाए, जो पाकिस्तान के दावों से मेल खाते थे।
बीजेपी का कहना है कि वायुसेना ने राफेल के 36 विमानों के लिए जारी सपोर्ट पैकेज से यह स्पष्ट हो गया है कि किसी भी राफेल विमान के नुकसान की बात सही नहीं थी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस 'इंडियन नेशनल कांग्रेस' नहीं बल्कि 'इस्लामाबाद नेशनल कांग्रेस' और 'एंटी नेशनल कांग्रेस' बन गई है।