आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठे राहुल, बोले - चुनाव आयुक्त को मिलना ही पड़ेगा, प्रियंका भी हैं साथ
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च के बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। इस बीच अगले कदम पर सस्पेंस बढ़ गया है।
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। इस सिलसिले में इंडिया गठबंधन मंगलवार (6 अक्टूबर) को मार्च शुरू कर दिया । इंडिया ब्लॉक के सांसद संसद परिसर से निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर बढ़े। चुनाव आयोग के दफ्तर के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। दिल्ली के जंतर-मंतर के पास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के कई नेता एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताओं से अवगत कराने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। यह प्रदर्शन 30 सितंबर को 19 विपक्षी दलों की बैठक के बाद घोषित किया गया था।
निर्वाचन आयोग के कार्यालय और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात है, ताकि आवाजाही नियंत्रित की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दल लगातार निर्वाचन आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने अपने तीन सदस्यीय निकाय में किसी भी तरह के मतभेद के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
चुनाव आयोग के खिलाफ इंडी गठबंधन के सांसदों के प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव दिल्ली पहुंचे। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा, “चुनाव आयोग और उसके कामकाज के तरीके को लेकर शिकायतें और आपत्तियां पहली बार नहीं उठाई जा रही हैं। ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग का मानना है कि सिर्फ भाजपा के सदस्य ही भारतीय नागरिक हैं। कई मौकों पर ऐसा भी लगता है कि आयोग मानता है कि सिर्फ भाजपा के सदस्य ही वोट देने के हकदार हैं।”
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के सांसद अभी भी आकाशवाणी भवन में बैठे हुए हैं। थोड़ी देर पहले नई दिल्ली डीसीपी सचिन शर्मा ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी से बात की। हालांकि कांग्रेस के नेता इलेक्शन कमीशन तक जाने के लिए अड़े हुए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा प्रियंका गांधी से कुछ कह रहे हैं लेकिन प्रियंका गांधी मना करते हुए सर हिला रही हैं।
आकाशवाणी भवन में राहुल गांधी का धरना प्रदर्शन जारी है। राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर कहा, 'हम सिर्फ चुनाव आयुक्त से मिलना चाहतें हैं। उन्हें मिलना ही पड़ेगा। हमें यहां बैठने में कोई दिक्कत नहीं है। जब तक बैठना होगा, हम बैठेंगे। अगर आप चाहते हैं तो हमें हटा दो, कोई भी जगह दे दो हम वहां बैठ जाएंगे।
आकाशवाणी भवन के बाहर दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्यों को हिरासत में ले लिया है।
चुनाव आयोग के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के बीच कांग्रेस पार्टी ने इसमें शामिल होने वाली सभी सांसदों से कहा है कि वे दिल्ली में ही बने रहें। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तरफ से कहा गया है कि वोट चारी और मुख्य चुनाव आयुक्त के हुए हाल में हुए खुलासे के बाद सांसद दिल्ली में बने रहें।
अखिलेश यादव को हिरासत के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है. यूपी के संतकबीरनगर जिले में कलेक्ट्रेट परिसर में सपाइयों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और धरने पर बैठ गए. प्रदर्शनकारी अखिलेश यादव को तत्काल रिहा करने की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है.