रंगोदय 2025: देश की लोकधारा में बहा आगरा, कलाकारों ने संस्कृति के रंगों से सजाई सड़कों की फिज़ा

आगरा। रंगोदय 2025 के अंतर्गत मंगलवार को निकले भव्य रंग जुलूस ने शहर की सड़कों को सांस्कृतिक विविधता के इंद्रधनुष में रंग दिया। देश के विभिन्न प्रांतों से आए लोक कलाकारों ने अपने पारंपरिक वेशभूषा और मनमोहक नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों से राहगीरों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कहीं संभलपुरी नृत्य की लय गूंजी तो कहीं धार्मिक व सामाजिक झांकियों ने भारतीय संस्कृति की गहराई का अहसास कराया। पुष्पवर्षा, चंदन तिलक और जलपान से स्वागत पाकर कलाकार भावविभोर दिखे। हर मोड़ पर लोक परंपरा और राष्ट्रीय एकता की झलक देखने को मिली।

Oct 7, 2025 - 21:54
 0
रंगोदय 2025: देश की लोकधारा में बहा आगरा, कलाकारों ने संस्कृति के रंगों से सजाई सड़कों की फिज़ा
रंगोदय 2025 के समापन पर मंगलवार को निकाले गये भव्य रंग जुलूस की कुछ झलकियां।

संस्कार भारती नाट्य केंद्र द्वारा मिल्टन पब्लिक स्कूल के सहयोग से आयोजित रंगोदय 2025 के तहत मंगलवार को निकली रंग यात्रा में भारत की समृद्ध लोकसंस्कृति का विराट रूप देखने को मिला। शहरवासियों ने जगह-जगह कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए फूल बरसाए। राम नगर कॉलोनी में भोले बाबा डेरी और संजय प्लेस स्थित इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में एनएससी कंप्यूटर्स की ओर से कलाकारों का चंदन तिलक, पुष्पवर्षा और जलपान कराकर भव्य स्वागत किया गया।

पंचतत्व राउरकेला के दल ने संभलपुरी नृत्य से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। आहवान थियेटर, उड़ीसा ने धार्मिक झांकी प्रस्तुत की तो शारदा नाट्य मंच, धनबाद ने सामाजिक संदेशों से भरी झांकी से सबका ध्यान खींचा। अनुरोध साहित्य कला केंद्र, आजमगढ़ द्वारा धार्मिक झांकी पेश की गई। अंग नाट्य मंच, बरियारपुर ने छठ पूजा की पारंपरिक झांकी से बिहार की संस्कृति को जीवंत किया। वहीं अभिनायक रंगमंच, दिल्ली ने राजनीतिक झांकी से समसामयिक व्यंग्य का सुंदर चित्रण किया।

झारखंड के नटराज यूथ क्लब ने पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत किया तो मंच दूतम, ध्रुपद डांस अकादमी, चूमरांग क्रिएटिव आर्टिस्ट एसोसिएशन, द रंग आर्ट, बीइंग कलाकार ग्रुप, थियेटर मूवमेंट और महाश्वेता कला केंद्र के कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से आगरा की सड़कों को सांस्कृतिक मेले में बदल दिया।

संस्कार भारती नाट्य मंच आगरा के संस्थापक निदेशक केशव प्रसाद सिंह और मुख्य संरक्षक डॉ. राहुल राज ने यात्रा की शुरुआत कर कलाकारों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक डॉ. महेश धाकड़, अध्यक्ष पंकज सक्सैना, कार्यकारी निदेशक अजय दुबे, सचिव नीता तिवारी, अनीता परिहार, उमा शंकर मिश्र, चंद्रशेखर बहावर, भारती शर्मा, वाणी सक्सैना, विभा शर्मा, रूपेश कुमार, सत्यव्रत मुद्गल, राजीव सिंघल, पंकज शर्मा, प्रेमपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor