आगरा में ब्रह्माकुमारी विवि की कलाकुंज शाखा में आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रही धर्मसभा
आगरा। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की कलाकुंज शाखा (मारुति एस्टेट) में रविवार सुबह आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब शाहगंज स्थित चारबाग़ शाखा से पधारीं ब्रह्माकुमारी दर्शन दीदी, प्रीति दीदी, गुंजन दीदी, एवं ब्रह्माकुमार भैय्या का प्रातः 8 बजे स्नेहमयी स्वागत किया गया।
शाखा के सदस्यों ने मंगल आगमन पर सभी ब्रह्मकुमारी दीदीओं और ब्रह्मकुमार भैय्या का पारंपरिक रीति से माला पहनाकर और पुष्प अर्पित कर स्वागत किया। इस अवसर पर शाखा परिसर श्रद्धा, सेवा और आत्मिक सौहार्द की भावना से आलोकित हो उठा।
स्वागत समारोह के उपरांत एक विशेष धर्मसभा का आयोजन किया गया, जिसमें माउंट आबू से पधारे बीके रमेश भाई ने मुख्य अतिथि के रूप में सभी आत्मिक प्रेमियों को अपनी अमृतवाणी द्वारा आध्यात्मिक ज्ञान से सिंचित किया।
धर्मसभा के दौरान सभी ब्रह्माकुमारी बहनों और ब्रह्माकुमारों ने 'मुरली' का श्रवण किया, जिससे उपस्थित आत्माओं को आंतरिक शांति और ईश्वरीय संदेशों की अनुभूति हुई।
इस पावन अवसर पर एन. के. राना, गीतम सिंह वर्मा, मुकेश वर्मा, भगवानदास, देवप्रकाश राना सहित क्षेत्र के अनेक धर्मप्रेमी बंधु व बहनें उपस्थित रहे। वातावरण संपूर्ण रूप से आध्यात्मिक शक्ति से ओतप्रोत रहा।