थर्ड डिग्री टॉर्चर के बाद इनाम! नीलेश शर्मा को मिला रुनकता चौकी का प्रभार

आगरा। ताजगंज थाने की एकता चौकी पर नौबरी के युवकों को थर्ड डिग्री टॊर्चर देने वाले तत्कालीन चौकी इंचार्ज नीलेश शर्मा को दंडस्वरूप हटाना एक दिखावा था। इसी दरोगा को रुनकता चौकी इंचार्ज बना दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने यह काम पिछले दरवाजे से किया। ट्रांसफर लिस्ट में इस दरोगा को थाना सिकंदरा में पोस्टिंग बताई गई, लेकिन अब एक गुड वर्क में सिकंदरा पुलिस ने जो प्रेस नोट जारी किया है, उसमें दरोगा नीलेश शर्मा को चौकी इंचार्ज रुनकता दिखाया गया है।

Jun 23, 2025 - 13:58
 0
थर्ड डिग्री टॉर्चर के बाद इनाम! नीलेश शर्मा को मिला रुनकता चौकी का प्रभार
चार जून की वह ट्रांसफर लिस्ट जिसमें दरोगा नीलेश शर्मा को सिकंदरा थाने में सेकंड अफसर बनाया गया।

-ट्रांसफर लिस्ट में नाम था सिकंदरा थाने के सेकंड अफसर का, गुड वर्क प्रेस नोट में बन गए चौकी प्रभारी

22 जून का पुलिस का प्रेस नोटस जिसमें नीलेश शर्मा को चौकी प्रभारी रुनकता दर्शाया गया है। 

दरोगा नीलेश शर्मा का नाम युवकों को थर्ड डिग्री देने के मामले में सुर्खियों में आया था। भारी जन विरोध को देखते हुए तब पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि दरोगा को चौकी से हटा दिया गया है। बताते हैं कि उस समय दरोगा नीलेश छुट्टी पर चले गये थे। छुट्टी से वापस लौटते ही उनकी पोस्टिंग सिकंदरा थाने में की गई। इसके बाद चुपके से रुनकता चौकी प्रभारी भी बना दिया गया। हालांकि यह काम पिछले दरवाजे से किया गया। 

विगत 14 मई को फतेहाबाद के सिकरारा और इसौली गांव में महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम होना था, जिसमें ओकेन्द्र राणा को शामिल होना था। अनुमति न होने के कारण पुलिस ने कार्यक्रम रद्द करवा दिया। इसके बाद ओकेन्द्र राणा नौबरी गांव जा पहुंचे थे। यहां पुलिस ओकेंद्र को गिरफ्तार नहीं कर सकी, जबकि वह एसीपी अरीब अहमद और इंस्पेक्टर जसवीर सिरोही के सामने मौजूद था। इसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद युवकों पर लाठीचार्ज किया और कुछ को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए युवकों ने चौकी प्रभारी एकता नीलेश शर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों पर थर्ड डिग्री देने के आरोप लगाए थे। मामला तूल पकड़ने पर नीलेश शर्मा को चौकी से हटाया गया था।

विगत चार 4 जून को डीसीपी सिटी ने दरोगा नीलेश शऱ्मा को सिकंदरा थाने में सेकंड अफसर नियुक्त किया। अभी तक लोग यही मान रहे थे कि नीलेश शर्मा सिकंदरा थाने में सेकंड अफसर हैं, लेकिन अब सिकंदरा पुलिस का एक प्रेस नोट सामने आया है, जिसमें उन्हें ‘चौकी प्रभारी रुनकता’ बताया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि उन्हें चौकी इंचार्ज कब नियुक्त किया गया। एक सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या थर्ड डिग्री के आरोपों के बावजूद उन्हें पदोन्नति जैसी पोस्टिंग देकर पुरस्कृत किया गया है?

17 मई को खाली हुई थी रुनकता चौकी

17 मई को रुनकता चौकी पर तैनात चौकी प्रभारी गुरविंदर को थानाध्यक्ष बरहन बनाया गया था। जब से यह चौकी खाली थी। चार जून को नीलेश का सिकंदरा थाने में ट्रांसफर किया गया। यहां से यह रुनकता चौकी पर भेज दिए गए। सवाल यह खड़े हो रहे हैं कि क्या जानबूझकर इस चौकी पर चौकी प्रभारी की तैनाती नहीं की गई थी? क्या नीलेश के छुट्टी से लौटने का इंतजार था? अगर नीलेश को ही रुनकता चौकी प्रभारी नहीं बनाना था तो यह चौकी लम्बे समय तक खाली क्यों रखी गई?

पुलिस लाइन में तैनात दरोगा दबिश देने पर सुर्खियों में

जिले में पुलिस लाइन में तैनात एक दरोगा जुआरियों और सटोरियों के यहां दबिश देने के बाद सुर्खियों में छाया हुआ है। बताया जा रहा है यह लगातार अपने मंसूबों को पूरा कर रहा है। यह एक अधिकारी का खास बताया जाता है। क्या यह उन अधिकारी के कहने पर ही दबिश दे रहा है। यह बात जानने के लिए सभी पुलिसकर्मी उतावले हैं।

SP_Singh AURGURU Editor