अटल जी की दूरदृष्टि को नमन, दक्षिण विधानसभा में भव्य ‘अटल स्मृति सम्मेलन’, राष्ट्रनिर्माण के विचारों का हुआ स्मरण
आगरा। भारतीय जनता पार्टी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र द्वारा भारत रत्न, युगदृष्टा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में प्रेम वाटिका, अवधपुरी में ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, जिसके बाद वंदे मातरम गान के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय बोले- अटल जी का जीवन सादगी, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल
आगरा। भारतीय जनता पार्टी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र द्वारा भारत रत्न, युगदृष्टा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में प्रेम वाटिका, अवधपुरी में ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया, जिसके बाद वंदे मातरम गान के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, उनके राजनीतिक जीवन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन सादगी, राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। अटल जी ने राजनीति में सुचिता और संवाद की संस्कृति को मजबूत किया, जिससे देश को स्थिर और दूरदर्शी नेतृत्व मिला।
ग्रामीण विकास को मिली नई दिशा
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांव-गांव को सड़क नेटवर्क से जोड़ा, जिससे ग्रामीण भारत के विकास की मजबूत नींव पड़ी। इसके साथ ही स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना ने देश के आर्थिक विकास को नई गति प्रदान की।
उन्होंने यह भी कहा कि सर्व शिक्षा अभियान, टेलिकॉम क्रांति और आर्थिक उदारीकरण की मजबूत आधारशिला भी अटल जी की दूरदर्शिता का परिणाम रही। अटल जी का जीवन त्याग, सेवा और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।
कोविड काल में गरीबों को मिला संबल
अटल जी की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 से कोविड काल के दौरान देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को प्रतिमाह 5 किलो मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गरीब और जरूरतमंद वर्ग को बड़ा सहारा मिला है।
अटल जी का संकल्प, मोदी सरकार कर रही साकार
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पूरा कर रही है। अटल जी ने अंत्योदय की भावना के अनुरूप समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं को पहुंचाने की परिकल्पना की थी, जिसे वर्तमान सरकार आगे बढ़ा रही है।
तीन मंडलों में हुआ आयोजन
दक्षिण विधानसभा के शिवाजी मंडल, केशव मंडल और सुभाष मंडल में एक साथ अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। तीनों मंडलों में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व से रूबरू कराते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
सम्मेलन में पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित, इंद्रजीत आर्य, हेमंत भोजवानी, शिवाजी मंडल अध्यक्ष देवेश पचौरी, सुभाष मंडल अध्यक्ष राजू कुशवाहा, केशव मंडल अध्यक्ष राजेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षद एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।