शिव महापुराण कथाः गणेश व कार्तिकेय जन्म कथा से प्रकट हुई शिव–शक्ति की दिव्य लीलाएं

आगरा। सावन महोत्सव समिति द्वारा श्री महाकालेश्वर मंदिर, दयालबाग में आयोजित शिव महापुराण कथा एवं महा रुद्राभिषेक महोत्सव के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश और कार्तिकेय की जन्म कथाओं का श्रवण कर शिव–शक्ति की लीलाओं का दर्शन किया।

Jul 15, 2025 - 22:07
 0
शिव महापुराण कथाः गणेश व कार्तिकेय जन्म कथा से प्रकट हुई शिव–शक्ति की दिव्य लीलाएं
श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिव महापुराण कथा में व्यास पीठ की पूजा करने के बाद आचार्य मृदुलकांत शास्त्री से आशीर्वाद लेते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल।  

प्रातः महा रुद्राभिषेक एवं पार्थिव शिवलिंग निर्माण के बाद सायंकाल कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा व्यास पूजन एवं आरती से हुई।

कथा व्यास आचार्य मृदुलकांत शास्त्री ने भगवान गणेश के जन्म का प्रसंग विस्तार से सुनाते हुए कहा कि माता पार्वती ने उबटन से एक बालक का निर्माण किया और उसे द्वार पर प्रहरी नियुक्त किया। भगवान शिव द्वारा रोके जाने पर संघर्ष हुआ, जिसमें गणेश का मस्तक कट गया। बाद में हाथी का सिर लगाकर उन्हें पुनर्जीवन मिला और प्रथम पूज्य होने का वरदान मिला। यह कथा आज्ञा, निष्ठा और समर्पण की श्रेष्ठ मिसाल है।

इसके पश्चात उन्होंने कार्तिकेय के जन्म, उनकी षडानन रूप की महिमा और तारकासुर वध की कथा का वर्णन किया। बताया कि कार्तिकेय ने देवताओं के सेनापति बनकर धर्म की रक्षा के लिए तारकासुर का अंत किया। उन्होंने षष्ठी तिथि, कृत्तिका माताओं की महत्ता और संयम व युद्धनीति के सिद्धांतों को भी उजागर किया।

आचार्य ने कहा, जब संसार संकट में होता है, तब शिव मौन नहीं रहते, वे समाधान बनकर प्रकट होते हैं। कथा में धर्म, उत्तरदायित्व, संयम और तपस्या जैसे जीवन मूल्यों का सार निहित रहा।

मुख्य संयोजक आचार्य सुनील वशिष्ठ ने कहा कि शिव महापुराण केवल भक्ति ग्रंथ नहीं, अपितु सम्पूर्ण जीवन का मार्गदर्शन है। गणेश जहाँ विवेक और विघ्नविनाशक हैं, वहीं कार्तिकेय साहस और धर्मरक्षा के प्रतीक हैं।

श्रद्धालु ‘जय श्री गणेश’ और ‘जय कार्तिकेय’ के जयघोषों के साथ कथा में भावविभोर होकर सहभागी बने। आचार्य सुनील वशिष्ठ, पवन शर्मा, सुनील शर्मा, पार्षद भरत शर्मा, अजय पांडे, अरविंद द्विवेदी, प्रदीप द्विवेदी, शुभम द्विवेदी, रामचरण शर्मा, आकाश शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष सरिता तिवारी, नीलू पांडे, रमेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor