ताजमहल पर पर्यटकों को ठगने वाले छह दलाल गिरफ्तार, पर्यटन थाना ने लिया बड़ा एक्शन

आगरा। ताजमहल आने वाले पर्यटकों को ठगने और महंगे होटलों व दुकानों में खरीदारी कराने वाले गिरोह पर पर्यटन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को थाना पर्यटन कमांड आगरा की टीम ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अमर विलास बैरियर और शिल्पग्राम बैरियर के आसपास सक्रिय थे।

Oct 25, 2025 - 22:35
 0
ताजमहल पर पर्यटकों को ठगने वाले छह दलाल गिरफ्तार, पर्यटन थाना ने लिया बड़ा एक्शन
आगरा की थाना पर्यटन कमांड पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये लपके (दलाल)।

ये लोग सैलानियों को बहकाकर उन्हें कथित सस्ते और बेहतर होटल या रेस्तरां दिखाने के नाम पर महंगे होटलों में खाना खिलवाने और ऊंचे दामों पर सामान खरीदवाने के लिए दबाव बनाते थे।

थाना पर्यटन कमांड की टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर छापेमारी की और मौके से छह लोगों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं- इमरान कुरैशी, पुत्र अशफाक कुरैशी, निवासी 26/60ई कोल्हाई, थाना ताजगंज, आगरा (उम्र 30 वर्ष), हिमांशु, पुत्र शिशुपाल राठौर, निवासी तेलीपाड़ा, थाना ताजगंज, आगरा (उम्र 19 वर्ष), चांद, पुत्र नन्ना, निवासी 27/13 तेलीपाड़ा, थाना ताजगंज, आगरा (उम्र 28 वर्ष), माता प्रसाद, पुत्र रामनारायण, निवासी नगला डींग, थाना ताजगंज, आगरा (उम्र 46 वर्ष), प्रेमसागर, पुत्र सुनहरीलाल, निवासी 26/2 ताजनगरी फेस-1, थाना ताजगंज, आगरा (उम्र 40 वर्ष), राहुल राजपूत, पुत्र सत्यप्रकाश, निवासी 12/93बी शेख बुलाकी, थाना ताजगंज, आगरा (उम्र 40 वर्ष)।

पुलिस के अनुसार यह सभी आरोपी पर्यटकों को फर्जी होटल एजेंट और गाइड बनकर गुमराह करते थे। इन्हें मौके से पर्यटन अधिनियम की धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।

पिछले कई दिनों से ताजमहल घूमने आए देशी-विदेशी पर्यटकों की शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग ज़बरदस्ती महंगे होटल और दुकानों में ले जाकर कमीशनखोरी कर रहे हैं। इसी को गंभीरता से लेते हुए पर्यटन थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित की, जिसने आज सुबह अमरविलास और शिल्पग्राम बैरियर के पास छापा मारकर गिरोह का भंडाफोड़ किया।

सभी अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धारा 170/126/135 बीएनएसएस में चालान कर न्यायालय भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे दलालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor