धनुष भंग से गूंजा मिथिला नगरी का आकाश, सजीव इफेक्ट्स संग सीता स्वयंवर ने बांधा मन

आगरा। उत्तर भारत की प्रमुख श्रीरामलीला में सोमवार की रात्रि धनुष भंग और सीता स्वयंवर का अद्भुत मंचन हुआ। इस अवसर पर मंचन में आधुनिक लाइट और साउंड इफैक्ट का ऐसा समावेश हुआ कि दर्शक जनकपुरी के वातावरण में खो गए। मंच पर रामचरित के अनुपम प्रसंगों का सजीव चित्रण हुआ, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Sep 15, 2025 - 22:50
 0
धनुष भंग से गूंजा मिथिला नगरी का आकाश, सजीव इफेक्ट्स संग सीता स्वयंवर ने बांधा मन
श्रीरामलीला के अंतर्गत सोमवार को मंचित हुई लीला की कुछ मनमोहक तस्वीरें।

मिथिलानगरी में सजी जनकपुरी

रामलीला मैदान का मंच सोमवार को पूर्णतः मिथिलानगरी के रूप में सुसज्जित किया गया। यहां सीता स्वयंवर का दृश्य प्रस्तुत था, जहां विभिन्न राज्यों से आए राजाओं का आगमन दर्शाया गया। मुनि विश्वामित्र जी, श्रीरामचंद्र जी और लक्ष्मण जी को साथ लेकर जनकपुरी में स्वयंवर में पहुंचे।

धनुष भंग का रोमांचकारी दृश्य

मंचन में दिखाया गया कि श्रीराम ने गुरुवर को प्रणाम कर बड़ी सहजता और फुर्ती से शिवधनुष को उठा लिया। उसी क्षण धनुष बिजली की भांति चमकने लगा और इंद्रधनुष समान हो गया। इसके भंग होने का दृश्य जब एलईडी स्क्रीन, प्रकाश और ध्वनि प्रभाव के साथ मंचित हुआ, तो पूरा वातावरण गूंज उठा। दर्शकों को प्रतीत हुआ मानो वे स्वयं जनकपुरी में उपस्थित हों।

गीत-संगीत में बंधा भावलोक

धनुष भंग होने के बाद सीता स्वयंवर का मंचन हुआ। इस प्रसंग पर गीत गूंजा – तोड़ा गया धनुष स्वयंवर में, सभी स्तुति करने लगे दशरथ कुमार की। इसके उपरांत जयमाला का दृश्य आया, जहां लोकप्रिय गीत- झुक जइयो तनिक रघुवीर, सिया मेरी छोटी है…ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। उपस्थित दर्शक श्रद्धा और भक्ति में डूब गए।

शोभायात्रा बनी आकर्षण

इससे पूर्व लाला चन्नोमल की बारहदरी से मुनि विश्वामित्र जी के साथ श्रीराम और लक्ष्मण घोड़ों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। जानकी जी अपनी चार सखियों संग रथ पर सवार थीं। यह भव्य शोभायात्रा रावतपाड़ा, जौहरी बाजार, बिजलीघर होते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जो मिथिला नगरी का रूप धारण किए था।

श्रद्धा और भक्ति में डूबा रामलीला मैदान

धनुष भंग और सीता स्वयंवर के मंचन के उपरांत मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की आरती की गई। आरती करने वालों में मनीष अग्रवाल, शेखर गोयल, अशोक गोयल, महावीर मंगल एवं आदर्श नंदन गुप्ता शामिल रहे। राजा दशरथ की भूमिका अजय अग्रवाल ने निभाई और वे भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

रामलीला में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे – श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल, टीएन अग्रवाल, विजय प्रकाश गोयल, भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, मुकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

आज की लीला का विशेष आकर्षण यह भी रहा कि श्रीरामलीला कमेटी आगरा के महामंत्री राजीव अग्रवाल के पौत्र वंश अग्रवाल ने राजकुमार की भूमिका निभाई।

सीता स्वयंवर का मंचन और धनुष भंग का प्रसंग न केवल श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक अनुभूति का माध्यम बना, बल्कि आधुनिक तकनीक और पारंपरिक भाव का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर गया।

SP_Singh AURGURU Editor