स्मृति मंधाना बनीं तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तान, बीसीसीआई ने किया ऐलान, टीम का भी हुआ ऐलान
बीसीसीआई ने स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20आई) में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने महिला क्रिकेट टीम की कमान स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के हाथों में सौंपने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। हरमनप्रीत कौर के पद छोड़ने के बाद मंधाना को तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20्रर्) में भारतीय महिला टीम का नया नियमित कप्तान नियुक्त किया गया है। साल 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाली स्मृति लंबे समय से उपकप्तान की भूमिका निभा रही थीं और उनका विशाल अनुभव भारतीय क्रिकेट को एक नए युग की ओर ले जाने में अहम साबित होगा।
स्मृति मंधाना के पास केवल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ही नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी और घरेलू क्रिकेट में भी कप्तानी का बेहतरीन अनुभव है। उनकी अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने 2024 और 2026 में महिला प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वह आपात स्थितियों में भारत के लिए 18 टी20आई और 4 वनडे मुकाबलों में कप्तानी कर चुकी हैं। बीसीसीआई को उम्मीद है कि मंधाना की सोच और रणनीति से टीम इंडिया की सफलता का ग्राफ और ऊंचा जाएगा।
कप्तान बनने के बाद अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए स्मृति मंधाना ने कहा, 'भारतीय टीम की कमान संभालना मेरे लिए बेहद खास और सम्मान की बात है। देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा से मेरे लिए बहुत मायने रखता है और अब टीम की अगुवाई करने का मौका मिलना ऐसा अनुभव है जिसे मैं दिल से संजोकर रखूंगी। मैं बीसीसीआई, चयनकर्ताओं, अपनी साथियों और फैंस का मुझ पर भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त करती हूं। इसके साथ ही मैं हरमनप्रीत के बहुमूल्य योगदान की सराहना करती हूं जिन्होंने हमेशा निष्ठा के साथ टीम का नेतृत्व किया।'
मंधाना की इस नियुक्ति पर बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मनहास ने शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जिम्मेदारी मिलने पर मैं बधाई देता हूं। वह सालों से भारतीय क्रिकेट का अहम हिस्सा रही हैं और उन्होंने लगातार आगे बढ़कर नेतृत्व करने की क्षमता दिखाई है। खेल को लेकर उनकी समझ और अनुभव इस नई जिम्मेदारी में बेहद काम आएगा। बीसीसीआई को मंधाना पर पूरा भरोसा है और हमें उम्मीद है कि वह हमेशा की तरह अपनी पेशेवर शैली से टीम को नए आयाम तक ले जाएंगी।'