जन्म शताब्दी वर्ष पर विशेषः आगरा में जन्मे थे राम जन्मभूमि आंदोलन के नायक अशोक सिंघल, सिटी स्टेशन रोड पर था मामा का घर, इसी मकान में हुआ था जन्म

राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख नेता स्व. अशोक सिंघल का जन्म आगरा में हुआ था और शहर से उनका गहरा आत्मीय संबंध रहा। उनका जन्म सिटी स्टेशन रोड स्थित मामा के घर हुआ था, जबकि लाजपत कुंज में उनकी कोठी भी थी। स्व. अशोक सिंघल की इच्छा श्रीकृष्ण जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ मंदिर की मुक्ति तथा श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की थी।

Oct 6, 2026 - 07:35
Oct 6, 2026 - 20:08
 0
जन्म शताब्दी वर्ष पर विशेषः आगरा में जन्मे थे राम जन्मभूमि आंदोलन के नायक अशोक सिंघल, सिटी स्टेशन रोड पर था मामा का घर, इसी मकान में हुआ था जन्म
स्व. अशोक सिंघल।

-आदर्श नंदन गुप्ता-

आगरा। राम जन्मभूमि आंदोलन के नायक और विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्व. अशोक सिंघल का जन्म आगरा में हुआ था। यही वजह थी कि आगरा से उनका विशेष आत्मीय संबंध रहा। वे समय-समय पर आगरा आते रहे और शहर में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भी रुचि लेते थे।

अशोक सिंघल का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ के ग्राम बिजौली का रहने वाला था। उनके पिता राय बहादुर महावीर सिंघल सरकारी विभाग में अधिकारी थे। अशोक सिंघल के मामा डॉ. अविनाश सिटी स्टेशन रोड पर बीपी ऑयल मिल के सामने एक मकान में रहते थे। मामा के पुत्र प्रो. ध्रुव बंसल बताते हैं कि पुराने समय में प्रसव के लिए महिलाएं अपने मायके जाया करती थीं। इसी परंपरा के चलते अशोक सिंघल की मां विद्यावती सिंघल भी प्रसव के समय अपने मायके आई थीं।

अशोक सिंघल और उनसे भाइयों का जन्म इसी मकान में हुआ था। उनके एक भाई बीपी सिंघल उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक रहे, जबकि दूसरे भाई पीयूष सिंघल की यमुनापार सिंघल पेस्टीसाइड फैक्ट्री थी।

लाजपत कुंज में थी अशोक सिंघल की कोठी

प्रो. ध्रुव बंसल। 

प्रो. ध्रुव बंसल के अनुसार खंदारी के लाजपत कुंज, सिविल लाइंस में अशोक सिंघल की कोठी भी थी। उनकी बहन ऊषा सिंघल इस कोठी में रहती थीं। वे विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी की राष्ट्रीय संयोजक रहीं। अब यह कोठी बिक चुकी है।

जिस मकान में अशोक सिंघल का जन्म हुआ था, वह वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। समय के साथ मकान के कई हिस्से हो गए हैं और उसका कुछ हिस्सा बिक भी चुका है।

प्रो. ध्रुव बंसल बताते हैं, वर्ष 1997 में जब मैं रोटरी क्लब आगरा का अध्यक्ष बना, तब अशोक सिंघल मेरे अधिष्ठापन समारोह में आए थे। उन्होंने उस समय कहा था कि वे किसी विदेशी संस्था के कार्यक्रम में नहीं जाते, लेकिन तुम मेरे भाई हो, इसलिए आए हैं।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ मंदिर को लेकर भी था सपना

सुरेंद्र गुप्ता एडवोकेट।

अशोक सिंघल के करीबी रहे आगरा के वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र गुप्ता के अनुसार अशोक सिंघल की इच्छा थी कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा और काशी विश्वनाथ मंदिर की मुक्ति का मार्ग भी शीघ्र प्रशस्त हो तथा श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हो।

सुरेंद्र गुप्ता के अनुसार, ‘‘यह भी एक संयोग है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा के संबंध में विश्व हिंदू परिषद के परामर्श से संपूर्ण हिंदू समाज की ओर से वाद मेरे द्वारा तैयार किया गया है और इसी वाद में हिंदू समाज की ओर से पैरवी भी मेरे द्वारा की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित न्यायालय में दायर विभिन्न वादों में से उनके अनुसार इसी वाद को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने संपूर्ण हिंदू समाज की ओर से दायर वाद माना है और इसे संपूर्ण मुस्लिम समाज के खिलाफ घोषित किया गया है।

सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि विगत माह विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार स्वयं इस संबंध में विस्तार से चर्चा करने के लिए उनके निवास पर आए थे। उन्होंने पूरे दिन इस वाद से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे विस्तारपूर्वक चर्चा की थी।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार हैं। मो.-9837069255)

SP_Singh AURGURU Editor