छक्कों-चौकों की बरसात में गूंजा सेंट जॉन्स ग्राउंड: विक्की बाबा की विस्फोटक पारी पर भारी पड़े मार्कोस कमांडो, रोमांचक मुकाबले में दर्ज की दमदार जीत

आगरा। कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में सेंट जॉन्स ग्राउंड पर एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला, जहां गरुड़ कमांडो की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद मार्कोस कमांडो टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पूरे मैच में चौकों-छक्कों की बारिश और खिलाड़ियों का जोश दर्शकों के लिए रोमांच का केंद्र बना रहा।

Mar 28, 2026 - 20:53
 0
छक्कों-चौकों की बरसात में गूंजा सेंट जॉन्स ग्राउंड: विक्की बाबा की विस्फोटक पारी पर भारी पड़े मार्कोस कमांडो, रोमांचक मुकाबले में दर्ज की दमदार जीत
कैप्टन शुभम गुप्ता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में पहले दिन के मैच की एक झलक।

टूर्नामेंट का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। इस मौके पर कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता बसंत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कैप्टन शुभम गुप्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस आयोजन का संचालन गोल्ड जिम के संचालक मनोज यादव और रूबी मैम के नेतृत्व में किया गया।

विक्की बाबा की तूफानी फिफ्टी, गरुड़ कमांडो का मजबूत स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गरुड़ कमांडो टीम की शुरुआत खराब रही और अनुज लवानिया पहले ही ओवर में आउट हो गए।

इसके बाद विक्की बाबा ने मोर्चा संभालते हुए 48 गेंदों में 62 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। हालांकि वे अंत में रन आउट हो गए।

अन्य बल्लेबाजों में रचित मित्तल (29 रन), सनी मेहरा (13 रन), लकी उपाध्याय (10 रन) और नीरज (9 रन) ने योगदान दिया। टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 176 रन बनाए।

नितिन-हरीश की जोड़ी ने पलटा मैच

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मार्कोस कमांडो टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। नितिन वर्मा ने 28 गेंदों में 47 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद हरीश बिष्ट ने मात्र 20 गेंदों में नाबाद 42 रन ठोककर मैच पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया। मनोज यादव (24 रन), निकुंज (नाबाद 21 रन) और मन्नू शर्मा (7 रन) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम ने 16.1 ओवर में 177 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।

गेंदबाजी में प्रयास नाकाम

गरुड़ कमांडो की ओर से नीरज निर्मल ने 2 विकेट झटके, जबकि सचिन, डॉ. वीपी सिंह और विक्की बाबा को 1-1 सफलता मिली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

SP_Singh AURGURU Editor