लखीसराय के अशोक धाम मंदिर भगदड़,   8 महिलाओं की मौत,  मुआवजे का ऐलान

इस दुर्घटना में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख प्रकट किया है।  

Aug 17, 2026 - 10:50
 0
लखीसराय के अशोक धाम मंदिर भगदड़,   8 महिलाओं की मौत,  मुआवजे का ऐलान

 

लखीसराय। यहां से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोक धाम के पास सोमवार (17 अगस्त) की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख प्रकट किया है। सीएम ने हादसे पर कहा, "लखीसराय स्थित अशोक धाम में हुई घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। इस दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मेरा हृदय अत्यंत क्षुब्ध है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के उचित और शीघ्र उपचार के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।"

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर भगदड़ मामले में 8 लोगों की मौत की खबर पर बिहार सरकार ने दुख जताया है। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। वहीं, घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

शुरुआती जानकारी में 11 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन तार गिरने और करंट लगने से मौत की बात सामने आई थी। हालांकि, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि मौत का कारण करंट लगना नहीं, बल्कि भगदड़ मचना था।

फिलहाल हादसे में घायल लोगों को लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शव कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिए हैं। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है।

अशोक धाम हाल्ट पर एक ही समय में दोनों तरफ से ट्रेनें आ गईं। ट्रेन को देखकर कुछ युवकों ने अचानक भाग-दौड़ शुरू कर दी। युवकों की भाग-दौड़ के कारण वहां मौजूद बिजली का एक पोल नीचे गिर गया। पोल गिरते ही मौके पर करंट फैलने की अफवाह उड़ गई। उस समय बिजली आपूर्ति वास्तव में बंद थी और तार कवर किया हुआ था, लेकिन अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नियंत्रण पाने के प्रयास कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने लखीसराय के अशोक धाम भगदड़ की घटना पर कहा, "लखीसराय के अशोक धाम में सावन महीने के तीसरे सोमवार के दिन अचानक काफी भीड़ बढ़ गई। एक अफवाह फैली की बिजली का तार गिर गया है, करंट आ गया है, जिसके कारण भगदड़ मची और उसमें कई लोगों की मृत्यु हो गई। मैं मृतकों के परिवार जनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

लखीसराय के अशोक धाम में मची भगदड़ पर स्थानीय विधायक और बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "यह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं भी वहां जा रहा हूं। यह घटना मंदिर परिसर के बाहर एक खंभे और बिजली के तारों के गिरने के बाद हुई। लोगों ने अफवाह फैला दी कि बिजली का करंट फैल गया है, जिससे भगदड़ मच गई। हमने जिला मजिस्ट्रेट और मंदिर प्रशासन से बात की है और हम हालात का जायजा लेने वहां जा रहे हैं। घटना की जांच की जाएगी और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी। मैंने मुख्यमंत्री से भी बात की है और निर्देश दिया है कि मेडिकल इंतज़ामों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाए।"