कार की टक्कर से छात्र उछल कर कई फुट दूर गिरा, गंभीर घायल
आगरा। आगरा-जगनेर मार्ग स्थित नगला गज्जा के पास आज दोपहर में लाइब्रेरी में पढ़ने आए एक छात्र को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। छात्र हवा में उछलकर कई फीट दूर जा गिरा। कार सवारों ने गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए आगरा के एक अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि गांव रिठौरी निवासी मनीष पुत्र राजपाल सिंह कागारौल में स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़कर सिविल सेवा की तैयारी कर रहा है।
मनीष आज दोपहर करीब 3 बजे वह पढ़ने के लिए लाइब्रेरी पहुंचा था। सड़क पार करने के दौरान आगरा की ओर से कस्बा की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र उछलकर कई फीट दूर जा गिरा और घायल हो गया। टक्कर देख वहां मौजूद छात्रों में चीख पुकार मच गई और वे मदद के लिए दौड़ पड़े। साथ में ग्रामीण भी पहुंच गए। लोगों ने कार को घेर लिया।
कार सवार लोग कैला देवी के दर्शन को जा रहे थे। टक्कर के बाद कार सवारों ने गाड़ी रोककर घायल छात्र को अपनी कार से आगरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां छात्र का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके बाद कार सवार अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।