आगरा की सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी बनी ऑल इंडिया हॊकी गोल्ड कप अंडर-19 की विजेता
आगरा/ रामपुर (पंजाब)। ताजनगरी की खेल प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। आगरा की सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने पंजाब की धरती पर इतिहास रचते हुए प्रथम ऑल इंडिया प्राइज मनी हॉकी गोल्ड कप (अंडर-19) का खिताब अपने नाम कर लिया। 12 से 15 फरवरी तक पंजाब के रामपुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में आगरा की टीम ने मेजबान रामपुर अकादमी को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
रोमांचक फाइनल, आखिरी पलों में फैसला
खिताबी मुकाबला बेहद कड़ा और संघर्षपूर्ण रहा। मैच के पहले तीन क्वार्टर तक दोनों टीमें एक-दूसरे के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहीं और स्कोर 0-0 बना रहा। चौथे और अंतिम क्वार्टर में खेल समाप्ति से कुछ मिनट पहले आगरा की टीम को एक महत्वपूर्ण पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस निर्णायक क्षण में स्टार खिलाड़ी कुणाल ने शानदार ‘गोल्डन गोल’ दागते हुए टीम को 1-0 से जीत दिला दी। यही गोल मैच और खिताब का फैसला बना।
टूर्नामेंट में अजेय रही टीम
टीम के कोच दिलीप शर्मा ने बताया कि सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन संयोजन, अनुशासन और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले जीतकर दबदबा बनाया। क्वार्टर फाइनल में कश्मीर की मजबूत टीम को हराया। सेमीफाइनल में गोपाल दास हॉकी कुराली को पेनल्टी शूटआउट (1-0) में मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था।
एक लाख की इनामी राशि, होगा भव्य स्वागत
अकादमी की चेयरपर्सन सुखजीवन सोई ने बताया कि टूर्नामेंट में जीती गई एक लाख रुपये की प्राइज मनी को सभी खिलाड़ियों और स्पोर्टिंग स्टाफ (कोच व मैनेजर) में अकादमी की ओर से वितरित किया जाएगा।
अकादमी के अध्यक्ष राजीव सोई और सचिव अमिताभ गौतम ने इस उपलब्धि को आगरा के खेल इतिहास का मील का पत्थर बताया। उन्होंने घोषणा की कि आगरा लौटने पर पूरी टीम का भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
सचिव अमिताभ गौतम ने कहा, यह जीत आगरा में हॉकी के पुनरुद्धार का संकेत है। हमारे खिलाड़ियों ने पंजाब में अनुशासन और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया है।
खेल जगत से मिली बधाइयां
इस ऐतिहासिक जीत पर ओलंपियन एवं पूर्व भारतीय कप्तान जगबीर सिंह, धर्मेंद्र बघेल, अमरजीत सिंह, केपी सिंह यादव, संजय नेहरू, अजय सिंह राजपूत, डॉ. जयशंकर यादव, गौरव, बंटी यादव, चौधरी एम डी अहमद खान, धर्मेश सिंह, सूरज सहित अनेक खेल प्रेमियों ने टीम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।