बरेली में सुनंदा शर्मा का शो बेकाबू: बैरिकेड टूटी, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग, फ्यूचर यूनिवर्सिटी में अफरा-तफरी

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। फ्यूचर यूनिवर्सिटी में रविवार रात आयोजित सेलिब्रिटी नाइट उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब मशहूर पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा के मंच पर पहुंचते ही हजारों की भीड़ बेकाबू हो गई। सुरक्षा इंतजाम ध्वस्त हो गए, बैरिकेडिंग टूट गई और हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को कड़ा हस्तक्षेप करना पड़ा।

Apr 6, 2026 - 11:44
 0
बरेली में सुनंदा शर्मा का शो बेकाबू: बैरिकेड टूटी, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग, फ्यूचर यूनिवर्सिटी में अफरा-तफरी
बरेली स्थित फ्यूचर यूनिवर्सिटी में सुनंदा शर्मा के लाइव शो के दौरान बेकाबू हुई भीड़ को नियंत्रित करती पुलिस।

कार्यक्रम ‘फ्यूचर फेस्टा 2026 नवरंग’ के समापन अवसर पर आयोजित इस लाइव शो में क्षमता से कहीं अधिक भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही सुनंदा शर्मा ने मंच संभाला, युवाओं का जोश उफान पर पहुंच गया। दर्शक सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए मंच की ओर बढ़ने लगे। बाउंसर और निजी सुरक्षाकर्मी हालात संभालने में नाकाम रहे, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब भीड़ ने बैरिकेडिंग को धक्का देकर गिरा दिया और आगे बढ़ने लगी। भगदड़ जैसे हालात बन गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया और हंगामा कर रहे युवाओं को पीछे खदेड़ा। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आईं।

फ्यूचर यूनिवर्सिटी में परफॊरमेंस देतीं सुनंदा शर्मा। 

फरीदपुर क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार के अनुसार, कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए पुलिस और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अनुमान से अधिक भीड़ के कारण अचानक दबाव बढ़ा और बैरिकेड गिर गया। पुलिस ने तत्काल स्थिति संभाली और कार्यक्रम को आगे शांतिपूर्वक जारी रखा गया।

वहीं, फरीदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया गया। किसी को खदेड़ने की बजाय स्थिति को संभालते हुए कार्यक्रम को सुरक्षित तरीके से पूरा कराया गया।

हंगामे के बीच भी सुनंदा शर्मा का जलवा बरकरार रहा। उन्होंने ‘मेरी मम्मी नू पसंद नईयो तू’, ‘जानी तेरा ना’, ‘चंडीगढ़ का छोरा’, ‘पटाके’ और ‘तेरे नाल नचना’ जैसे सुपरहिट गानों से माहौल को ऊर्जा से भर दिया। दर्शक झूमते रहे, मोबाइल से वीडियो बनाते रहे और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

कंसर्ट के दौरान यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मुकेश गुप्ता, संध्या गुप्ता और प्रो-चांसलर दीप गुप्ता ने भी मंच से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कृति और कला का आनंद लेना भी जरूरी है। ‘झुमका नगरी’ बरेली की सराहना करते हुए सुनंदा शर्मा ने इसे यादगार अनुभव बताया।

रात करीब 12 बजे कार्यक्रम समाप्त हुआ। इसके बाद भी एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा। आयोजकों ने राहत की सांस ली, वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन ने माना कि इतनी बड़ी भीड़ का अनुमान नहीं था, जिसके चलते हालात बिगड़े।

SP_Singh AURGURU Editor