कोमल के संग गोविंदा को देख बिफरीं सुनीता, बोलीं- बेटी की उम्र की लड़की को लेकर घूम रहा है, थोड़ी शर्म तो आनी चाहिए
गोविंदा को एक बार फिर कोमल रानी स्वर्णकार संग देख सुनीता आहूजा बिफर गईं। उन्होंने दोनों को लपेट दिया। सुनीता ने गोविंदा के लिए कहा कि वह बेटी की उम्र की लड़की लेकर घूम रहा है, शर्म आनी चाहिए। वहीं कोमल के कपड़ों पर तंज कसा और कहा कि शुगर डैडी इतना अमीर है तो ढंग के कपड़े तो पहनो।
मुंबई। गोविंदा इस वक्त को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार संग कथित अफेयर को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही जहां वह कोमल के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर दिखे थे, तो वहीं अब एक बार फिर साथ नजर आए। यह देख गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने एक्टर पर तंज कसा है। सुनीता ने गोविंदा के लिए कहा, 'बेटी की उम्र की लड़की लेकर घूम रहा है, शर्म आनी चाहिए।'
दरअसल, कोमल रानी स्वर्णकार के साथ गोविंदा फिल्म 'रूपा' में काम कर रहे हैं। फिल्म की घोषणा करने के बाद वह कोमल के साथ कुछ दिन पहले मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए थे, और अब एक बार फिर वो साथ दिखे। हाल ही जब पपाराजी ने सुनीता से पूछा कि गोविंदा सर प्रमोशन बहुत कर रहे हैं मूवी का। वो कोमल रानी के साथ फिर से स्पॉट हुए हैं।
इस पर सुनीता आहूजा बोलीं, 'पिक्चर बननी भी तो चाहिए। प्रमोशन होता है पिक्चर बनने के बाद। बगैर प्रमोशन के ही... क्या बोलने का। बेटी की उम्र की लड़की को ले-लेकर घूम रहा है, शर्म तो आना चाहिए थोड़ा इसको। बहुत बुरी बात है। दिमाग खराब हो गया है उसका।'
सुनीता आहूजा ने फिर कोमल रानी पर भी तंज कसा और स्टैंडर्ड का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा, 'कोई भी स्टैंडर्ड तो होना चाहिए। तुम्हारा शुगर डैडी इतना अमीर है। कपड़े तो ढंग के पहनो। हम लोगों को देखो क्या स्टाइल में चलते हैं।'
इससे पहले, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो में गोविंदा को कोमल रानी के साथ देखा गया, तो सुनीता आहूजा ने उन फैंस से सवाल किया था, जो उन्हें गोविंदा के कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के बारे में बात करने के लिए खरी-खोटी सुना रहे थे। जब पपाराजी ने कहा कि गोविंदा सर को कोमल मैम के साथ देखा गया। उन्होंने अपनी फिल्म का प्रमोशन शुरू कर दिया है, तो सुनीता बोली थीं, 'क्या आपने वह कहावत सुनी है-विनाश काले विपरीत बुद्धि? उनकी बुद्धि मारी गई है। इसीलिए वह ऐसी हरकतें करते हैं। हम कुछ नहीं कह सकते।'
वहीं, साल 2025 में सुनीता आहूजा ने 'मिस मालिनी' को दिए इंटरव्यू में गोविंदा का एक मराठी एक्ट्रेस के साथ अफेयर कन्फर्म किया था। उन्होंने कहा था, 'गोविंदा एक न्यूकमर एक्ट्रेस के साथ इन्वॉल्व था, और वो उसे ब्लैकमेल कर रही है। मुझे कन्फर्मेशन मिल जाए, तो मैं गोविंदा को कभी माफ नहीं करूंगी। मैं नेपाल की हूं। एक खुकरी निकाल दूंगी ना तो सबकी हालत टाइट हो जाएगी। एक बार विश्वास टूटा तो शादी टिक नहीं पाती।'