टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंटः डीएम और सीएमओ इलेवन सेमीफाइनल में
आगरा। आठ सरकारी विभागों के सी न्यूज व केआरएस टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे चरण में दो रोमांचक मैच खेले गए। पहले मैच में सीएमओ इलेवन ने आईटी रेडर्स को सुपर ओवर में हराया, जबकि दूसरे मैच में डीएम इलेवन ने ईपीएफओ सुपर जाइंट्स को एकतरफा मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इन मैचों के परिणामस्वरूप, सीएमओ इलेवन और डीएम इलेवन ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
-डीएम इलेवन ने ईपीएफओ सुपर जाइंट्स और सीएमओ इलेवन ने आईटी रेडर्स को हराया
पहले मैच में सीएमओ इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रन बनाए, जिसमें अमित चौधरी ने 34 रन और आदित्य सिंह ने 30 रन बनाए। आईटी रेडर्स की ओर से अजीत ने तीन विकेट लिए। आईटी रेडर्स ने भी 158 रन बनाए और मैच टाई हो गया। सुपर ओवर में सीएमओ इलेवन ने 11 रन बनाए और आईटी रेडर्स को 12 रन बनाने का लक्ष्य दिया, लेकिन आईटी रेडर्स केवल 11 रन ही बना पाई।
दूसरा मैच ईपीएफओ सुपर जाइंट्स और डीएम इलेवन के बीच खेला गया। डीएम इलेवन के कप्तान प्रशांत तिवारी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम के ओपनर बल्लेबाज अधीर बघेल, अनिल शर्मा, पवन परिहार, और जीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित 20 ओवरों में 210 रन का विशालकाय स्कोर खड़ा किया।
ईपीएफओ सुपर जाइंट्स की ओर से सतीश चंद मीना, रजनीश दीक्षित, और शुभांकित तिवारी ने विकेट लिए। लेकिन ईपीएफओ की टीम विशाल स्कोर के दबाव में आकर 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 143 रन ही बना पाई। डीएम इलेवन की ओर से उप कप्तान अभय सिंह, कप्तान प्रशांत तिवारी, तरुन चाहर, और पवन परिहार ने विकेट लिए और टीम को 67 रन से जीत दिलाई। अनुज शर्मा को प्लेयर आफ द मैच घोषित किया गया।
इन मैचों का आंखों देखा हाल चैनल हेड विजय बघेल, एंकर विनोद जूनियर, वरिष्ठ रिपोर्टर राकेश कन्नौजिया ने सुनाया। अंपायरिंग अतुल सोलंकी, असीम पाल और वकार अहमद ने की, जबकि स्कोरर विवेक चौधरी रहे।
मैच में सी न्यूज के सीएमडी नीरज जैन, न्यूज डायरेक्टर चक्रेश जैन, ग्रुप कम्युनिकेशन ऑफिसर अदीबा कामिल, कैमरामैन हेड कमल, उमेश शर्मा, एंकर अंजिल, यदति शर्मा, संदीप शर्मा, लक्ष्मीराज सिंह, अनिल सिंह आदि मौजूद थे।