टी-20 वर्ल्ड कपः भारतीय कप्तान ने एक बार फिर नहीं मिलाया पाकिस्तानी कप्तान से हाथ, कोलंबो में शुरू हुआ भारत-पाक महामुकाबला, भारत पहले कर रहा बल्लेबाजी

कोलंबो। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप के हाईवोल्टेज मुकाबले से पहले एक बार फिर टकराव देखने को मिला। भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मैच शुरू होने से ठीक पहले टॉस के दौरान भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। इस कदम ने मैच शुरू होने से पहले ही माहौल को और ज्यादा गरमा दिया।

Feb 15, 2026 - 19:03
Feb 15, 2026 - 19:04
 0
टी-20 वर्ल्ड कपः भारतीय कप्तान ने एक बार फिर नहीं मिलाया पाकिस्तानी कप्तान से हाथ, कोलंबो में शुरू हुआ भारत-पाक महामुकाबला, भारत पहले कर रहा बल्लेबाजी

इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है, जिससे भारत को पहले बल्लेबाजी करनी पड़ेगी। लेकिन टॉस की औपचारिकता के दौरान जब दोनों कप्तान आमने-सामने आए, तब भारतीय कप्तान ने पारंपरिक हैंडशेक नहीं किया। कैमरों में यह पल कैद होते ही सोशल मीडिया से लेकर स्टेडियम तक चर्चा तेज हो गई।

यह पहला मौका नहीं है जब भारत-पाक मैच में ऐसा हुआ हो। इससे पहले भी एशिया कप 2025 के दौरान भारतीय कप्तान ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया था। तब भी इस फैसले को सिर्फ खेल तक सीमित नहीं माना गया, बल्कि इसके पीछे गहरे राजनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संदेश देखे गए थे।

दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारतीय टीम की ओर से यह स्पष्ट रुख अपनाया गया है कि पाकिस्तान की आतंक-परस्त नीतियों के खिलाफ विरोध सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगा। मैदान पर भी भारत अपने तरीके से असहमति दर्ज कराता रहेगा। इसी नीति के तहत भारतीय कप्तान मैच शुरू होने से पहले और मैच समाप्त होने के बाद भी पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिला रहे हैं।

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भले ही क्रिकेट को खेल भावना में खेलने की बात कही हो और हैंडशेक को परंपरा बताया हो, लेकिन भारतीय खेमे का रुख पहले जैसा ही सख्त नजर आया।

मैच के लिहाज से भले ही यह एक क्रिकेट मुकाबला हो, लेकिन टॉस के समय हुआ यह छोटा-सा वाकया एक बार फिर साबित कर गया कि भारत-पाक क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि संदेशों और संकेतों का भी मैदान है। दर्शकों की नजर अब इस पर टिकी है कि मैदान के भीतर भारत का जवाब बल्ले से कितना दमदार होता है।

SP_Singh AURGURU Editor