हनुक्का उत्सव में लहूलुहान हुई सिडनी, बोंडी बीच पर त्योहार मनाते यहूदी समुदाय पर आतंकी हमला, 12 मरे, 29 घायल
आस्ट्रेलिया का सिडनी रविवार शाम आतंकवाद की चपेट में आ गया। ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध बोंडी बीच पर यहूदी समुदाय के धार्मिक पर्व हनुक्का के दौरान हुए सुनियोजित आतंकवादी हमले ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया। उत्सव और उल्लास के माहौल में अचानक हुई अंधाधुंध गोलीबारी में 11-12 लोगों के मारे जाने और 29 लोगों के घायल होने की खबर है। यह हमला न केवल निर्दोष लोगों की जान पर वार था, बल्कि धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।
सिडनी। यहां रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बोंडी बीच पर हनुक्का उत्सव मना रहे यहूदी समुदाय के लोगों के बीच दो हथियारबंद आतंकियों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। समुद्र तट पर मौजूद हजारों लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। हमले में कम से कम 11 से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है, जिनका अस्पतालों में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने तत्काल इलाके को घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को गोली मारकर ढेर कर दिया गया, जबकि दूसरे को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हमला विशेष रूप से यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया प्रतीत होता है।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने इस आतंकी कृत्य को घृणित और अमानवीय बताते हुए कहा कि आतंक और नफरत के लिए देश में कोई जगह नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और यहूदी समुदाय सहित सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और मजबूत की जाएगी।
इस हमले के बाद सिडनी समेत पूरे ऑस्ट्रेलिया में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। यहूदी धार्मिक स्थलों, सामुदायिक केंद्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना की कड़ी निंदा हो रही है। कई देशों के नेताओं ने इसे एंटी-सेमिटिक हिंसा का भयावह उदाहरण बताते हुए पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिडनी में यहूदी समुदाय पर हुए इस आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि निर्दोष नागरिकों और धार्मिक उत्सव को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध घोर अपराध है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद और नफरत से प्रेरित हिंसा के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। पीएम मोदी ने यह भी दोहराया कि आतंकवाद चाहे किसी भी रूप में हो, उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
फिलहाल सिडनी पुलिस की आतंकवाद निरोधक इकाई मामले की गहन जांच कर रही है। हमले के पीछे की साजिश, आतंकी नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।