इंश्योरेंस पेंशनर्स के राष्ट्रीय अधिवेशन में उठी पेंशन अपडेशन की मांग, भरी हुंकार

नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस पेंशनर्स का त्रि दिवसीय चतुर्थ अखिल भारतीय अधिवेशन आगरा में शुरू

Mar 7, 2025 - 21:16
 0
इंश्योरेंस पेंशनर्स के राष्ट्रीय अधिवेशन में उठी पेंशन अपडेशन की मांग, भरी हुंकार
अग्रसेन भवन लोहा मंडी में आयोजित नेशनल ऑर्गेनाइजेशन आफ इंश्योरेंस पेंशनर्स के चतुर्थ अखिल भारतीय अधिवेशन में अपनी आवाज उठाते संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अशोक राव जोशी, अध्यक्ष गणेश कुमार, अखिल किशोर, अश्विनी शर्मा, आरएस गुप्ता, नरोत्तम शर्मा, सुरेंद्र बाबू सेहरा आदि संगठन पदाधिकारी।

आगरा। पेंशन अपडेशन हमारा अधिकार,  पेंशन के लिए सेवानिवृत्त इंश्योरेंस कर्मी आखिरी दम तक भरते रहेंगे हुंकार। कुछ इसी तरह के संकल्प के साथ आगरा में नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस पेंशनर्स का त्रिदिवसीय चतुर्थ अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन का आगाज हुआ। 

संगठन की आगरा इकाई द्वारा अग्रसेन भवन लोहामंडी में आयोजित अखिल भारतीय अधिवेशन 9 मार्च तक आगरा में चलेगा। संगठन के अखिल भारतीय राष्ट्रीय महासचिव अशोक राव जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर के 500 डेलिगेट्स अपने हक की आवाज के लिए चिंतन कर रहे हैं। इसमें पचास महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा इंश्योरेंस पेंशनर्स की पेंशन में पिछले 38 वर्षों से पेंशन अपडेशन नहीं हुआ है, जिसकी वजह से कर्मचारियों के साथ पेंशन विसंगति की समस्या पनप रही है। 

अधिवेशन के पहले दिन संगठन के नेतृत्व ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए कहा कि हम सभी लोग अपनी हक की लड़ाई के लिए एकजुट होकर सरकार से गुहार लगाएंगे। आज के समय में बढ़ती हुई महंगाई के बाद भी इंश्योरेंस सेक्टर के पेंशनर को न्यूनतम पेंशन दी जा रही है। 

उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर 2024 को भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले संगठन के पदाधिकारीयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को रखा था, जिस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए समस्या समाधान के लिए पॉलिसी तैयार करने की सहमति जताई थी। 

इंश्योरेंस पेंशनर के साथ सौतेला व्यवहार 

नेशनल ऑर्गेनाइजेशन का इंश्योरेंस पेंशनर्स संगठन के ऑल इंडिया प्रेसिडेंट टी सी गणेश कुमार ने कहा कि अन्य केंद्रीय कर्मचारियों को पांचवें वेतन आयोग के तहत अपडेशन पेंशन दी जा रही है, जबकि एलआइसी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आज भी चौथे वेतन आयोग के तहत पेंशन मिल रही है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन लगातार समस्या समाधान के लिए प्रयासरत है और सरकार से उम्मीद है कि महंगाई को देखते हुए हम लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। 

वेतन कमीशन की तरह पेंशन वृद्धि को बने पॉलिसी 

संगठन के अखिल भारतीय अधिवेशन में राष्ट्रीय पदाधिकारी सहित कार्यक्रम में आए सभी डेलिगेट्स ने एक स्वर में आवाज उठाई कि पेंशन विसंगति  दूर करने के लिए पे कमिशन की तरह पेंशन वृद्धि के लिए भी पॉलिसी तैयार की जाए,  जिससे कर्मचारियों की सबसे बड़ी समस्या का समुचित समाधान हो सके। 

निदेशक संवर्ग के पेंशनर्स को मिलती है ड्राइवर संवर्ग के समकक्ष पेंशन 

संगठन के राष्ट्रीय अधिवेशन में चिंतन जताते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि 31 अक्टूबर 1992 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए निदेशक संवर्ग के पेंशनर्स को एक चालक (ड्राइवर) संवर्ग के समकक्ष पेंशन  मिल रही है। जो कि पेंशन विसंगति का सबसे बड़ा कारण है।

इनकी रही मौजूदगी 

संगठन के राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिल भारतीय राष्ट्रीय महासचिव अशोक राव जोशी, अध्यक्ष गणेश कुमार, अखिल किशोर, अश्विनी शर्मा, सुरेश बाबू सेहरा, अखिल कुमार, संजीव शर्मा, मनोज गांधी, नरोत्तम शर्मा, रमाशंकर गुप्ता, सीके सक्सेना, परमानंद, किशोर सोनकर सहित देश भर से आए डेलिगेट्स मौजूद रहे।