कारसेवकों पर गोली चलाने वाले आज उठा रहे सवाल, भाजपा महासचिव ने विपक्ष को सुनाई खरी-खरी

आगरा में भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अरुण सिंह ने राम मंदिर चंदा विवाद पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। कहा कि कारसेवकों पर गोली चलाने और भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले आज राजनीतिक लाभ के लिए सवाल उठा रहे हैं। एसआईजी जांच का हवाला देते हुए दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन के बाद नाश्ते के पैकेट वितरण के दौरान कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की और नोकझोंक भी देखने को मिली।

Jul 2, 2026 - 19:17
Jul 2, 2026 - 19:41
 0
कारसेवकों पर गोली चलाने वाले आज उठा रहे सवाल, भाजपा महासचिव ने विपक्ष को सुनाई खरी-खरी
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगोष्ठी में बोलते हुए।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती स्मरण पखवाड़ा के कार्यकर्ता सम्मेलन में विपक्ष पर तीखा हमला, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान

आगरा। राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. अरुण सिंह ने आगरा में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के जो लोग आज राम मंदिर को लेकर सवाल उठा रहे हैं, यही वे लोग हैं जिन्होंने कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं और भगवान राम को काल्पनिक बताया था। ऐसे लोग अब राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को हवा देने का प्रयास कर रहे हैं।

डॉ. अरुण सिंह गुरुवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी जिला आगरा द्वारा जयपुर हाउस स्थित महाजन भवन में आयोजित भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने की।

भगवान राम हमारे आराध्य हैं, दोषियों पर होगी कार्रवाई

सम्मेलन के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. अरुण सिंह ने राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एसआईजी जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। राम मंदिर का निर्माण समाज और कारसेवकों के लंबे संघर्ष का परिणाम है। ऐसे विषयों पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति का प्रतीक

सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, संगठन और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। आज प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह उनके विचारों और आदर्शों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस परिवर्तन का सशक्त वाहक है।

नेहरू सरकार पर भी साधा निशाना

डॉ. अरुण सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार और प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने उनकी मृत्यु की जांच तक नहीं कराई। उन्होंने कहा कि आज भाजपा उन्हीं के राष्ट्रवादी सिद्धांतों को आगे बढ़ा रही है और उनके सपनों को साकार करने का कार्य कर रही है।

जिला अध्यक्ष बोले- बूथ स्तर तक पहुंचाए गए मुखर्जी के विचार

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि जयंती स्मरण पखवाड़ा के दौरान जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

संगठनात्मक रणनीति पर हुई चर्चा

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया ने संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ सशक्तिकरण, सदस्य संपर्क अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक देवेंद्र वर्मा ने किया।

समापन के बाद नाश्ते के पैकेटों के लिए मची मारामारी

सम्मेलन समाप्त होने के बाद नाश्ते के पैकेट वितरण के दौरान कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पैकेट लेने की होड़ में धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद नेता व पदाधिकारी

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, विधायक छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाहा, कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, अभियान सह संयोजक नीरज परमार, अंबुज द्विवेदी, सत्येंद्र बरुआ, जिला महामंत्री सत्यदेव दुबे, सत्य प्रकाश लोधी, सहदेव शर्मा, हरिओम रावत, उमाशंकर माहौर, राजकुमार कुशवाहा, मानवेंद्र राठौर, संतोष सिकरवार, तपेश जैन, हीरा सिंह, आशा देवी चक, बबीता चौहान, महेंद्र वर्मा, सत्येंद्र त्यागी, वीरपाल माहुरा, गौरव सोलंकी, अर्जुन उदैनिया, लोकेंद्र लवानिया, अशोक लवानिया, ओमप्रकाश चलनी वाले, उत्तम सिंह काका, मोहित सोलंकी, भूप सिंह इंदौलिया, सरोज चाहर, ज्योति जादौन, मुकेश चाहर, मनीष थापक, पंकज कटारा, नरेश शर्मा, पदम सिंह, मोहन सिंह चाहर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।