आगरा के हजारों स्ट्रीट फूड वेंडरों को मिला स्वच्छता का मंत्र, एफएसएसएआई की कार्यशाला में ‘स्वस्थ भारत–सुरक्षित आहार’ का संकल्प

आगरा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), उत्तर क्षेत्र, गाजियाबाद द्वारा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन सूरसदन प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य स्वच्छता, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना रहा, ताकि आमजन को सुरक्षित भोजन और वेंडरों को सशक्त आजीविका मिल सके।

Feb 15, 2026 - 22:57
 0
आगरा के हजारों स्ट्रीट फूड वेंडरों को मिला स्वच्छता का मंत्र, एफएसएसएआई की कार्यशाला में ‘स्वस्थ भारत–सुरक्षित आहार’ का संकल्प
सूरसदन प्रेक्षागृह में स्ट्रीट फूड वेंडर्स की जागरूकता कार्यशाला को संबोधित करते केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।

कार्यशाला का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल (मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार) एवं आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण प्रभाग) एफएसएसएआई अंकेश्वर मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट आगरा वेद सिंह चौहान, सहायक आयुक्त (खाद्य) उत्तर प्रदेश एफएसडीए सैयद शाहनाज हैदर आबिदी, एफएसएसएआई प्रबंधक निमिशा तोमर तथा सहायक आयुक्त (खाद्य–II) उत्तर प्रदेश एफएसडीए महेंद्र सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यशाला में जनपद के एक हजार से अधिक स्ट्रीट फूड विक्रेताओं ने सहभागिता की। प्रशिक्षकों ने खाद्य पदार्थों को स्वच्छता के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने, मिलावट रहित एवं उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के उपयोग, सुरक्षित भंडारण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा ग्राहकों के साथ सौम्य और जिम्मेदार व्यवहार जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले रेहड़ी–पटरी वेंडरों को स्वच्छता, गुणवत्ता और ईमानदारी के साथ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की शपथ दिलाई। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और कहा कि सुरक्षित आहार जनस्वास्थ्य की रीढ़ है। वेंडरों की सजगता से ही स्वस्थ भारत का लक्ष्य साकार होगा।

इस आयोजन ने ‘स्वस्थ भारत, सुरक्षित आहार’ अभियान को नई गति दी। इससे एक ओर नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित होगा, वहीं दूसरी ओर स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की आजीविका, पहचान और पेशेवर क्षमता भी सुदृढ़ होगी।

Top of Form

Bottom of Form

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor