तीन बाइक दुर्घटनाग्रस्त, युवक की मौत, तीन घायल
आगरा। बाह क्षेत्र में तीन अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित तीन गंभीर घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिया से टकराई बाइक, युवक की मौत परिजनों में मचा कोहराम
कस्बा बाह स्थित टीचर्स कॉलोनी निवासी गोविंद सिंह का पुत्र अभय भदौरिया रविवार को अपनी बाइक से अभयपुरा की तरफ से बाह वापस लौट रहा था। तभी गांव डेरक के पास पुलिया से युवक की बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और युवक गंभीर घायल हो गया।
ग्रामीणों की मदद से युवक को इलाज के लिए सीएचसी केंद्र बाह में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया।
कार ने बाइक में मारी टक्कर युवक और महिला गंभीर घायल
गांव नरहौली निवासी श्रीनिवास का 20 वर्षीय अरविंद आज अपनी रिश्तेदार 40 वर्षीय देवी पत्नी कैलाशी को बाइक से लेकर फतेहाबाद से अपने गांव वापस आ रहा था। तभी आगरा बाह मार्ग पर चेसिंगी रेलवे पुल के पास एक तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक को चपेट में लेकर टक्कर मार दी। जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार युवक अरविंद और श्रीमती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सीएचसी केंद्र में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
विद्युत पोल से टकराई बाइक, युवक घायल
थाना खेड़ा राठौर के गांव अभयपुरा 40 वर्षीय संजय शर्मा पुत्र बालक राम रविवार की रात बाह से टीका-लग्न कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक द्वारा वापस लौट रहे था। तभी अभयपुरा मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर आगरा रेफर कर दिया।