कमला नगर बाजार में पार्किंग–शौचालय की समस्याओं को लेकर व्यापारियों का फूटा गुस्सा
आगरा। कमला नगर बाजार में चल रहे तथाकथित सौंदर्यीकरण के बीच स्थानीय व्यापारियों की समस्याएं लगातार गहराती जा रही हैं। इन्हीं ज्वलंत मुद्दों को लेकर कमला नगर व्यापार संगठन समिति की एक महत्वपूर्ण आमसभा कमला नगर स्थित होटल पार्कलेन में आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों ने एक स्वर में अव्यवस्था, उत्पीड़न और प्रशासनिक अनदेखी के खिलाफ आवाज बुलंद की।
सभा का शुभारंभ आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं कमला नगर व्यापार संगठन समिति के संरक्षक टीएन अग्रवाल द्वारा दीप जलाकर कर किया गया। आमसभा की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल ने की। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदारों ने अपनी समस्याएं आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, क्षेत्रीय पार्षद पंकज अग्रवाल एवं प्रदीप अग्रवाल के समक्ष विस्तार से रखीं।
सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल ने कहा कि नगर निगम द्वारा कमला नगर को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाना सराहनीय कदम है, जिससे क्षेत्र का सौंदर्य और आधारभूत ढांचा बेहतर हुआ है। लेकिन यही सौंदर्यीकरण अब व्यापारियों के लिए संकट बनता जा रहा है।
विशेषकर त्योहारों के समय पार्किंग की विकराल समस्या के कारण ग्राहक बाजार में आने से कतराते हैं, जिससे दुकानदारों को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि मॉडल रोड योजना के दौरान नगर निगम द्वारा एक दर्जन से अधिक सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्तमान में पानी की टंकी के पास केवल एक शौचालय ही बना है। उसकी भी नियमित साफ-सफाई और रखरखाव नहीं होता, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यही नहीं, कुछ स्थानीय अराजक तत्व बिना ठोस आधार के आवास विकास परिषद में शिकायतें कर देते हैं। इसके परिणामस्वरूप मानकों के अनुरूप निर्माण होने के बावजूद दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को नोटिस थमा दिए जाते हैं। इससे व्यापारी व्यापार संभालने के बजाय नोटिसों के जवाब देने में उलझकर रह जाते हैं, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति है।
इस पर आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी व्यापारी एकजुट होकर प्रतिमाह जिलाधिकारी के साथ होने वाली बैठकों में भाग लें और अपनी समस्याएं साक्ष्यों के साथ मजबूती से रखें। आगरा व्यापार मंडल पूरी मजबूती से व्यापारियों के साथ खड़ा है और किसी भी प्रकार का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।
सभा में विराट हिंदू एकता सम्मेलन के संयोजक मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने व्यापारियों से 25 जनवरी को सत्यम पार्क में आयोजित विराट हिंदू एकता सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।
सभा का संचालन सचिन सारस्वत ने किया। इस अवसर पर समिति के महामंत्री पुनीत मदान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष मित्तल, कोषाध्यक्ष उमेश अरोड़ा, संरक्षक योगेश अग्रवाल, नितिन चतुर्वेदी, मनीष अग्रवाल, पंकज गर्ग, विनय गुप्ता, राजकुमार शाक्य, गजेंद्र शर्मा, सागर वाधवानी, अनीश कालरा, हरीश शर्मा, रवि बंसल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।