दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मौत का तांडव: ट्रेलर से टकराकर खाई में गिरी स्लीपर बस में आग लगी, आठ यात्रियों की दर्दनाक मौत, हरिद्वार से इंदौर जा रही निजी बस दौसा में हुई हादसे का शिकार, 19 यात्री घायल
दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में आठ यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए। हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी स्लीपर बस कोलवा थाना क्षेत्र में रेस्ट एरिया के पास एक ट्रेलर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के कुछ देर बाद बस के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार तड़के करीब दो से तीन बजे के बीच कोलवा थाना क्षेत्र स्थित रेस्ट एरिया के पास हुआ। हरिद्वार से इंदौर जा रही निजी स्लीपर बस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। जोरदार टक्कर के कारण बस की ऊपरी बर्थ पर सो रहे कई यात्री नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना के कुछ समय बाद बस के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। हालांकि स्थानीय लोगों, पुलिस और राहत दल की तत्परता से अधिकांश यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 19 घायल यात्रियों को एंबुलेंस के माध्यम से दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया। घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा, उपखंड अधिकारी संजू मीणा तथा तहसीलदार गजानन मीणा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दौसा जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा और पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कोलवा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर से टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कुछ समय तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और राजमार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।