ट्रंप- जिनपिंग में अगले महीने हो सकती है वार्ता, दुनिया की नजरें बैठक पर टिकीं 

वाशिंगटन। टैरिफ को लेकर मचे बवाल के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच अगले महीने मीटिंग हो सकती है। ये मुलाकात हाल ही में तियानजिन में हुए एससीओ समिट के बाद होने वाली है, जिसकी वजह से इस पर दुनिया भर की नजरें टिकी हुई हैं। हालांकि अब तक इस मीटिंग को लेकर व्हाइट हाउस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।

Sep 7, 2025 - 11:15
 0
ट्रंप- जिनपिंग में अगले महीने हो सकती है वार्ता, दुनिया की नजरें बैठक पर टिकीं 


 
सूत्रों की मानें तो साउथ कोरिया में एपेक शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच मुलाकात संभव है। एपेक को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक सहयोग और रणनीतिक नीतियों पर चर्चा का प्रमुख मंच माना जाता है। इस बार एपेक की अहमियत इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि ट्रंप के टैरिफ की वजह से इसके सदस्य देशों में आक्रोश है।
 
ट्रंप प्रशासन की चीन विरोधी नीतियां, खासकर टैरिफ और व्यापारिक प्रतिबंध, दोनों देशों के बीच तनाव का बड़ा कारण रही हैं। ट्रंप ने हाल ही में चीन पर रूस और उत्तर कोरिया के साथ मिलकर अमेरिका के खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप भी लगाया। ऐसे में ट्रंप और शी की संभावित मुलाक़ात केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि द्विपक्षीय रिश्तों को नया मोड़ देने वाली घटना साबित हो सकती है।

ट्रंप के लिए यह बैठक उनके आलोचकों को जवाब देने का अवसर भी है. रिपब्लिकन पार्टी और अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों ने हाल ही में चीन की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग-उन की मेज़बानी को लेकर ट्रंप पर सवाल उठाए थे। अगर एपेक में शी जिनपिंग और ट्रंप की बातचीत होती है तो यह अमेरिका-चीन रिश्तों में संभावित सुधार का संकेत भी हो सकता है।

जिनपिंग के साथ संभावित बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब वाशिंगटन और बीजिंग ट्रंप के टैरिफ को लेकर आमने-सामने हैं। अमेरिका और चीन के अधिकारी एक व्यापार समझौते पर कई वार्ताओं में शामिल रहे हैं, जिसमें यूरोप में दोनों देशों के शीर्ष आर्थिक सलाहकारों के साथ दो आमने-सामने की बैठकें भी शामिल हैं। ट्रंप ने अप्रैल में चीन के आयात पर 145 प्रतिशत टैरिफ लगाया था और चीन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी वस्तुओं पर 125 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था। टैरिफ पिछले महीने लागू होने वाले थे, लेकिन, ट्रंप ने कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करके नवंबर तक बढ़ी हुई टैरिफ पर रोक लगा दी।

हाल ही में चीन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग-उन की मौजूदगी ने दुनिया का ध्यान खींचा। चीन की इस रणनीतिक मेज़बानी को ट्रंप ने अमेरिका के खिलाफ साजिश करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि "लगता है हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। हालांकि बाद में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने संबंधों को मजबूत और दोस्ताना बताते हुए अपनी बात से आंशिक रूप से पीछे हटने की कोशिश की। फिर भी यह स्पष्ट है कि भारत, रूस और उत्तर कोरिया जैसे देशों का इस समय अमेरिका-चीन रिश्तों पर अप्रत्यक्ष प्रभाव है।