नाश्ते के लिए पापड़ लेने निकले थे दो मासूम, रास्ते में गिरी दीवार ने छीन लीं जिंदगियां; बरेली में चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत
-आरके सिंह- बरेली। जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम कैनी इंचारौ झूनानगर में पक्की दीवार भरभराकर गिरने से उसकी चपेट में आए चचेरे भाई-बहन की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मासूम नाश्ते के लिए पास की दुकान से पापड़ लेकर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पापड़ लेकर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे अंशु (8) पुत्र अजीत और उसकी चचेरी बहन कृष्का (6) पुत्री राजेश उर्फ नन्हें पास की परचून की दुकान से पापड़ खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक पक्की दीवार भरभराकर गिर गई। दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और मलबे के नीचे दब गए।
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों मासूमों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक बलवीर सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों को चार-चार लाख रुपये सहायता का आश्वासन
हादसे की जानकारी मिलने पर आंवला तहसीलदार वृजेश कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शासन की ओर से दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं लेखपाल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राजस्व संबंधी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चों के पिता पंजाब में मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है और वे तत्काल गांव के लिए रवाना हो गए हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।