बरेली कलेक्ट्रेट गेट पर दो महिलाओं ने किया पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास, प्लॊट पर कब्जे के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज थीं
-आरके सिंह- बरेली। 12 अगस्त। 200 गज के भूखंड पर कथित कब्जे और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज एक ही परिवार की दो महिलाओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट गेट पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। महिलाओं के इस कदम से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों महिलाओं को रोक लिया और पेट्रोल की बोतल अपने कब्जे में ले ली। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल भेजा गया है।
एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक, मानपुर चिकटिया निवासी परिवार का आरोप है कि उनके 200 गज के भूखंड पर पड़ोसियों ने करीब दो महीने से कब्जा कर रखा है। परिवार का यह भी आरोप है कि भूखंड पर निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से परिवार नाराज था।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह दोनों महिलाएं अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखने के दौरान ही उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। महिलाओं को पेट्रोल छिड़कते देख कलेक्ट्रेट गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत उनके पास पहुंचे और बोतल छीनकर आत्मदाह का प्रयास विफल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। दोनों महिलाओं को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि भूखंड पर कब्जे का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई थी। इन आरोपों की पुलिस और प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। अदालत की ओर से जो आदेश आएगा, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, भूखंड से जुड़े विवाद और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है।