यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बोले- कोडीन कफ सिरप तस्करी में पकड़े गए आरोपियों के समाजवादी पार्टी से संबंध

-राजीव शर्मा- शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि अब तक पकड़े गए आरोपियों का कहीं न कहीं समाजवादी पार्टी से संबंध सामने आया है। उन्होंने बताया कि इस संगठित अपराध के खिलाफ प्रदेशव्यापी सख्त कार्रवाई जारी है।

Dec 20, 2025 - 21:21
 0
यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बोले- कोडीन कफ सिरप तस्करी में पकड़े गए आरोपियों के समाजवादी पार्टी से संबंध

वित्त मंत्री ने जानकारी दी कि कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण और विक्रय के मामलों में प्रदेश के 31 जनपदों में अब तक 74 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 4,55,265 बोतलें कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की गई हैं, जबकि 75 अभियुक्तों को साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही 132 फर्मों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसआईटी गठित, 15 मुख्य षड्यंत्रकारियों पर कार्रवाई

श्री खन्ना ने बताया कि इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया है, जो पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में कार्य कर रही है। एसआईटी ने अब तक 15 मुख्य षड्यंत्रकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। इसके अलावा 12 प्रमुख आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किए जा चुके हैं और अन्य संदिग्धों पर भी यह प्रक्रिया जारी है।

नेपाल और बांग्लादेश तक तस्करी की आशंका

जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दवा निर्माता कंपनियों से आपूर्ति किया गया कफ सिरप निचले स्तर के मेडिकल स्टोर तक नहीं पहुंच रहा था। फर्जी बिलों के माध्यम से इसे भारी मात्रा में गैर-चिकित्सीय उपयोग के लिए डायवर्ट कर नेपाल और बांग्लादेश में तस्करी के जरिए भेजे जाने की आशंका है।

अनुसूची एच-1 के तहत सख्त नियम

वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि कोडीन युक्त कफ सिरप को औषधि नियमावली 1945 की अनुसूची एच-1 में सूचीबद्ध किया गया है। इसके तहत ऐसी दवाओं का विक्रय केवल चिकित्सीय परामर्श और वैध प्रिस्क्रिप्शन पर ही किया जा सकता है, तथा विक्रेता को खरीदार का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर निरंतर अभियान

खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पुलिस, औषधि प्रशासन विभाग के साथ मिलकर कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण, क्रय-विक्रय और डायवर्जन के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने दोहराया कि अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों और मुख्य षड्यंत्रकारियों के राजनीतिक संबंधों की भी जांच की जा रही है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor