उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट सिंपोजियम 2026–27: नौ और दस जनवरी को आगरा से तय होगी भारत के निर्यात भविष्य की वैश्विक राह

आगरा। भारत को वैश्विक निर्यात मानचित्र पर और अधिक सशक्त, प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट सिंपोजियम 2026–27 का आयोजन आगामी 9 और 10 जनवरी को आगरा के होटल डबल ट्री बाय हिल्टन में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंपोजियम की औपचारिक घोषणा होटल होलीडे इन में गुरुवार को आयोजित उद्घोषणा समारोह के माध्यम से की गई। सिंपोजियम की थीम “वैश्विक भविष्य के लिए भारत के निर्यात को सशक्त बनाना” निर्धारित की गई है, जो भारत के निर्यात विज़न 2030 को गति देने पर केंद्रित रहेगी।

Dec 25, 2025 - 18:35
 0
उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट सिंपोजियम 2026–27: नौ और दस जनवरी को आगरा से तय होगी भारत के निर्यात भविष्य की वैश्विक राह
होटल होलीडे इन में उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट सिंपोजियम 2026–27 के उद्घोषणा समारोह में मौजूद लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग। मंच पर संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता, पूरन डाबर, गोपाल गुप्ता, मनीष अग्रवाल रावी, विजय गुप्ता, किशोर खन्ना आदि।

उद्घोषणा समारोह का शुभारंभ उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संरक्षक राकेश गर्ग, चमड़ा एवं फुटवियर उद्योग परिषद के अध्यक्ष एवं ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के अध्यक्ष पूरन डावर, सचिव एवं प्रोग्राम कन्वीनर मनीष अग्रवाल रावी, जॉइंट कमिश्नर इंडस्ट्रीज अनुज कुमार, एफमेक के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, चेयरमैन एडवाइजरी कमेटी किशोर खन्ना, जिला अध्यक्ष लघु उद्योग भारती विजय गुप्ता, महासचिव राजीव बंसल, नेशनल चैम्बर के अध्यक्ष संजय गोयल, पूर्व उपाध्यक्ष नेशनल चैम्बर अम्बा प्रसाद गर्ग, आगरा कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल, फिरोजाबाद ग्लास उद्योग से राजेंद्र गुप्ता, सीए आरके जैन, सीए नितेश गुप्ता, ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्शन एसोसिएशन के महासचिव नितिन अग्रवाल, चैम्बर ऑफ फूड प्रोसेसिंग के महासचिव अनुज सिंघल, आईआईए से शुभम सिंघल, हेंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर एसोसिएशन से विकास द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

निर्यात राष्ट्र की मजबूती का आधार

मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में निर्यात किसी भी राष्ट्र की आर्थिक मजबूती का प्रमुख आधार है। उत्तर प्रदेश में एमएसएमई, ओडीओपी, कृषि, हस्तशिल्प, चमड़ा, फुटवियर, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में वैश्विक प्रतिस्पर्धा की अपार संभावनाएं हैं। यह सिंपोजियम नीति, उद्योग और बाजार के बीच सीधा संवाद स्थापित कर निर्यात वृद्धि के लिए ठोस आधार तैयार करेगा।

रणनीतिक रोडमैप का मंच

पूरन डावर ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट सिंपोजियम केवल सम्मेलन नहीं, बल्कि उद्योग जगत के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार करने का मंच है। यहां निर्यात नियम, गुणवत्ता मानक, वैश्विक मांग, डिजिटल व्यापार और लॉजिस्टिक्स जैसे विषयों पर गहन विमर्श होगा, जिससे विशेषकर एमएसएमई निर्यातक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनेंगे।

निर्यात विज़न 2030 पर केंद्रित मंथन होगा

प्रोग्राम कन्वीनर मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि दो दिवसीय सिंपोजियम में निर्यात विज़न 2030, वैश्विक व्यापार रुझान, एफटीए, एमएसएमई एवं ओडीओपी, निर्यात सशक्तिकरण, डिजिटल एवं ई-कॉमर्स निर्यात, गुणवत्ता एवं अनुपालन, निर्यात वित्त, जोखिम प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स आधुनिकीकरण, निर्यात स्टार्टअप्स, महिला उद्यमिता, तथा ग्रीन एवं सतत निर्यात जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित होंगे। नीति निर्माता, वरिष्ठ अधिकारी, निर्यातक, बैंकिंग–बीमा संस्थान, लॉजिस्टिक्स कंपनियां, स्टार्टअप्स और अंतरराष्ट्रीय खरीदार–विक्रेता एक मंच पर संवाद करेंगे, जिससे उत्तर प्रदेश के निर्यात इकोसिस्टम को नई दिशा मिलेगी।

निर्यात उत्कृष्टता वाले उद्यमी सम्मानित होंगे

सिंपोजियम के समापन सत्र में एक्सपोर्ट ग्रोथ कैटेलिस्ट अवॉर्ड 2026 प्रदान किए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमों और व्यक्तियों को सम्मानित कर नवाचार और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित किया जाएगा।

ये रहेंगे मंथन के प्रमुख विषय

गोपाल गुप्ता ने बताया कि संगोष्ठी में वैश्विक व्यापार रुझान, उभरते अंतरराष्ट्रीय बाजार, ब्रांड इंडिया सुदृढ़ीकरण, मुक्त व्यापार समझौते, व्यापार कूटनीति, क्षेत्र-विशिष्ट निर्यात अवसर, निर्यात क्लस्टर विकास, आपूर्ति श्रृंखला एवं लॉजिस्टिक्स आधुनिकीकरण, हरित निर्यात, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग, निर्यात वित्तपोषण, बीमा और जोखिम प्रबंधन जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर समग्र चर्चा होगी, जिससे निर्यातकों के लिए स्पष्ट और प्रभावी रोडमैप तैयार किया जा सके।

कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से मनीष अग्रवाल रावी एवं सीएस अनुज अशोक अग्रवाल ने किया। व्यवस्थाओं का दायित्व एडमिनिस्ट्रेटर अपरार्क शर्मा, दिलीप कुमार, अमित यादव, अनिल सविता सहित प्रोग्राम समन्वयकों ने संभाला।

SP_Singh AURGURU Editor