वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बैटिंग, अंडर 19 में साउथ अफ्रीका हारा, टीम इंडिया ने सीरीज किया अपने नाम

भारतीय अंडर-19 टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा वनडे जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली। 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में अर्धशतक जड़कर 68 रन बनाए, जिससे भारत ने डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 8 विकेट से जीत दर्ज की।  

Jan 5, 2026 - 22:54
 0
वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बैटिंग, अंडर 19 में साउथ अफ्रीका हारा, टीम इंडिया ने सीरीज किया अपने नाम

जोहान्सबर्ग। अंडर-19 विश्व कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले को भी अपने नाम कर लिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने इस सीरीज को भी जीत लिया है। भारत अब इस सीरीज में 2-0 से आगे है। इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे 14 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी , जिन्होंने अपनी विस्फोटक पारी से साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। खराब मौसम से प्रभावित इस मैच में भारत ने डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर 8 विकेट से जीत दर्ज की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। वैभव ने महज 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर मैदान पर मौजूद सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने अपनी 24 गेंदों की पारी में कुल 68 रन बनाए, जिसमें 10 गगनचुंबी छक्के और 1 चौका शामिल था। वैभव के इस बेखौफ अंदाज ने भारत को वह शुरुआती गति दी, जिसने दक्षिण अफ्रीका को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया। वैभव इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ 52 गेंदों में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड भी बना चुके हैं।  

मैच के दौरान खराब मौसम और बिजली कड़कने की वजह से खेल को कई बार रोकना पड़ा। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 245 रन बनाए थे, लेकिन भारत की पारी के दौरान बाधा आने पर डीएलएस मेथड के तहत लक्ष्य को 27 ओवर में 176 रन कर दिया गया। वैभव के आउट होने के बाद अभिज्ञान कुंदू (48)* और वेदंत त्रिवेदी (31)* ने मोर्चा संभाला और 23.2 ओवर में ही टीम को सुरक्षित जीत दिला दी।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की ओर से जेसन रोल्स ने शानदार संघर्ष किया। रोल्स ने 113 गेंदों में 114 रनों की शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को 245 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। भारत की ओर से स्पिनर किशन सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 8.3 ओवर में 46 रन देकर 4 विकेट झटके। आर एस अम्ब्रीश को दो सफलताएं मिलीं, जबकि दीपेश देवेंद्रन, कनिष्क चौहान और खिलन पटेल ने एक-एक विकेट लिया। सीरीज 15 जनवरी से जिम्बाब्वे और नामीबिया में शुरू होने वाले अंडर-19 विश्व कप से पहले भारतीय युवाओं के लिए खुद को परखने का सुनहरा मौका है। वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा सितारों का यह फॉर्म भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए राहत की बात है। जिस तरह से भारत ने दबाव की स्थिति में प्रदर्शन किया, वह आगामी मेगा इवेंट के लिए एक सकारात्मक संकेत है।