आगरा में एक फरवरी को लाइव पेंटिंग बनाकर गर्भ संस्कार और मातृत्व चेतना का संदेश देंगे देश के 10 वरिष्ठ चित्रकार

आगरा। भारतीय संस्कृति में निहित गर्भ संस्कार और मातृत्व चेतना को कला के माध्यम से समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रताप नगर स्थित गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम पर एक फरवरी, रविवार को सुबह 10:30 बजे से एक अद्वितीय और ऐतिहासिक आर्ट कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

Jan 30, 2026 - 19:44
 0
आगरा में एक फरवरी को लाइव पेंटिंग बनाकर गर्भ संस्कार और मातृत्व चेतना का संदेश देंगे देश के 10 वरिष्ठ चित्रकार
प्रताप नगर स्थित गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम पर आयोजित होने वाली आर्ट कार्यशाला का पोस्टर जारी करते बाएं से राजीव जैन, पारुल जैन, प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह, डॉ. जागृति अग्रवाल, राजकुमार गर्ग, सचिन गोयल एवं आशीष गर्ग।

इस विशेष आयोजन का निर्देशन ललित कला संस्थान, आगरा की पूर्व निदेशक एवं वर्तमान में मेवाड़ विश्वविद्यालय, राजस्थान की महानिदेशक, जानी-मानी चित्रकार प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह करेंगी।

यह कार्यशाला चित्रलेखा द विलेज ऑफ आर्ट्स सोसायटी एवं लाला चंद्रभान जी साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

शुक्रवार को गर्भ संस्कार केंद्र पर जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजन का पोस्टर जारी किया गया। इस अवसर पर डॉ. चित्रलेखा सिंह, राजीव जैन, पारुल जैन, डॉ. जागृति अग्रवाल, राजकुमार गर्ग, सचिन गोयल एवं आशीष गर्ग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डॉ. सुधा बंसल, डॉ. सुनीता गर्ग और कांता माहेश्वरी भी इस आयोजन से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं।

लाइव पेंटिंग से देंगे संस्कारों का संदेश

डॉ. चित्रलेखा सिंह ने बताया कि मातृत्व चेतना के साथ गर्भ संस्कार का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए संभवतः विश्व में पहली बार इस विषय पर एक समर्पित आर्ट कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
इस कार्यशाला में आगरा और देश के 10 वरिष्ठ एवं युवा चित्रकार लाइव पेंटिंग बनाकर गर्भ संस्कार और मातृत्व के भावों को कैनवस पर सजीव करेंगे।
इनमें डॉ. त्रिलोक शर्मा, डॉ. मंजू बघेल, डॉ. मधु गौतम, डॉ. त्रिगुणातीत जैमिनी, सुदेश कुमार, कमलेश्वर, नरेश, राहुल, सम्यदेव मोंडल एवं विपिन उपाध्याय शामिल हैं।

महाविद्यालयों में चल रही चित्रकला प्रतियोगिता

नई पीढ़ी में गर्भ संस्कार एवं मातृत्व चेतना के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आगरा के विभिन्न महाविद्यालयों के स्नातक एवं परास्नातक छात्र-छात्राओं के लिए गर्भाधान संस्कार विषय पर एक चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है।
संयोजक नूतन ज्योति एवं राजीव जैन ने बताया कि ललित कला संस्थान, आगरा कॉलेज, संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय, सेंट जॉन्स कॉलेज, बैकुंठी देवी एवं बीडी जैन गर्ल्स डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों से अब तक 50 से अधिक पेंटिंग्स प्राप्त हो चुकी हैं।

चित्र प्रदर्शनी रहेगी आकर्षण का केंद्र

एक फरवरी को आर्ट कार्यशाला के दौरान प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो 3 फरवरी तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
आयोजकों ने आगरा वासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने आएं, जिससे युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहन मिले और गर्भ संस्कार की चेतना समाज के हर वर्ग तक पहुँचे।

कार्यक्रम संयोजक सचिन गोयल ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता की प्रविष्टि जमा करने की तिथि बढ़ाकर एक फरवरी कर दी गई है।
04 फरवरी को चयनित एवं उत्कृष्ट चित्र बनाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कला के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और मातृत्व चेतना के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगा।

श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी एवं सत्यमेव जयते ट्रस्ट से जुड़े समाजसेवी अशोक गोयल ने बताया कि लगभग 20 वर्ष पूर्व डॉ. चित्रलेखा सिंह के निर्देशन में उनकी टीम द्वारा ताजगंज स्थित मुख्य श्मशान घाट मार्ग की दीवारों पर बनाई गई स्थायी पेंटिंग्स देश-विदेश में अत्यंत चर्चित हुई थीं।

SP_Singh AURGURU Editor