वाराणसी में देव दीपावली पर जलाए गए 15 लाख दीये, पूरा शहर प्रकाशमय
वाराणसी के नमो घाट पर देव दीपावली के अवसर पर करीब 15 लाख दीये जलाए गए, जिससे पूरा काशी प्रकाशमय हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिव्य दृश्य की तस्वीर साझा करते हुए सबके सुख-समृद्धि की कामना की।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आज (5 नवंबर) शाम अद्भुत और दिव्य दृश्य नजर आए। काशी के नमो घाट पर लाखों दीये जलाकर आज देव दीपावली मनाई गई। इस दौरान गंगा तट से लेकर सामने घाट तक करीब 15 लाख दीये जलाए गए, जिनकी टिमटिमाती रोशनी से पूरा शहर प्रकाशमय हो उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस दिव्य और भव्य नजारे की तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट (एक्स) पर शेयर की।
तस्वीरें शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी आज देव दीपावली के अनुपम प्रकाश से आलोकित है। मां गंगा के किनारे काशी के घाटों पर प्रज्वलित लाखों दीपों में सबके लिए सुख-समृद्धि की कामना है।
देव दीपावली के इस मनमोहक नजारे को देखने के लिए आज गंगा तट पर हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे थे। पूरे घाट क्षेत्र क्षेत्र में धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी ने माहौल को दिव्य स्वरूप दिया।