अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस आज भारत दौरे पर, मोदी से मुलाकात से पहले कांग्रेस ने उठाए तीखे सवाल
नई दिल्ली। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चों—इवान, विवेक और मीराबेल के साथ आज सुबह 10 बजे पालम एयरबेस पर भारत पहुंच रहे हैं।
यह उनका चार दिवसीय आधिकारिक दौरा है। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और उनके सम्मान में आयोजित विशेष डिनर में भी शिरकत करेंगे।
भारत-अमेरिका संबंधों के भविष्य पर होगी बातचीत
प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति वेंस के बीच होने वाली मुलाकात में ट्रेड डील, टैरिफ, क्षेत्रीय सुरक्षा, और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही भारतीय छात्रों और पेशेवरों से जुड़ी चुनौतियों पर भी बात हो सकती है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल, जताई भारत की चिंताएं
इस उच्च स्तरीय दौरे से ठीक पहले कांग्रेस ने अमेरिकी नीतियों पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार से भारत के हितों की मुखर पैरवी करने की मांग की है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री से पूछा है कि क्या आप भारतीय छात्रों के निर्वासन और अमेरिका में बढ़ती असुरक्षा पर चिंता जाहिर करेंगे?
क्या भारत डब्ल्यूटीओ की बहुपक्षीय प्रणाली को कमजोर करने की कोशिशों पर अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा? क्या अमेरिका के पेरिस जलवायु समझौते और डब्ल्यूएचओ से बाहर निकलने जैसे कदमों पर भारत की चिंताओं को सामने रखा जाएगा? क्या किसी भी द्विपक्षीय व्यापार समझौते के दौरान भारतीय किसानों, उद्योगों और एमएसएमई सेक्टर के हितों की रक्षा की जाएगी?
डिनर डिप्लोमेसी में होगा संवाद
सोमवार शाम प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आयोजित डिनर में भारतीय मूल की द्वितीय महिला उषा वेंस और उनका परिवार भी शामिल होगा। उम्मीद है कि इस मुलाकात से भारत-अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा मिलेगी।