61 की उम्र में तीसरी आज तीसरी बार दूल्हा बन रहे आमिर खान, करीबी दोस्तों की मौजूदगी में गौरी स्प्रैट संग कर रहे शादी

मुंबई। बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान आज अपनी पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। 61 वर्ष की उम्र में आमिर तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं। यह विवाह बेहद निजी समारोह में उनके मुंबई स्थित आवास पर संपन्न होगा, जिसमें परिवार के सदस्यों, करीबी मित्रों और फिल्म जगत से जुड़े चुनिंदा लोगों को ही आमंत्रित किया गया है। लंबे समय से चर्चा में रहे इस रिश्ते को अब आधिकारिक रूप मिलने जा रहा है।

Jul 5, 2026 - 13:48
 0
61 की उम्र में तीसरी आज तीसरी बार दूल्हा बन रहे आमिर खान, करीबी दोस्तों की मौजूदगी में गौरी स्प्रैट संग कर रहे शादी

बताया जा रहा है कि विवाह समारोह में करीब 100 से 150 मेहमान शामिल होंगे। आयोजन को पूरी तरह निजी रखा गया है। शादी के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई है, जिसमें आमिर खान और गौरी स्प्रैट की पसंदीदा व्यंजन भी शामिल किए गए हैं।

विवाह समारोह शुरू होने से पहले ही मेहमानों का आना शुरू हो गया। आमिर खान के बड़े बेटे जुनैद खान भी समारोह में शामिल होने पहुंचे। जुनैद, आमिर और उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता के बेटे हैं। इसके अलावा फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के भी समारोह में पहुंचने की उम्मीद है।

आमिर खान की होने वाली पत्नी गौरी स्प्रैट पेशे से हेयर ड्रेसर हैं। वह तलाकशुदा हैं और उनकी पहली शादी से एक आठ वर्षीय बेटा है। आमिर खान ने वर्ष 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर पहली बार सार्वजनिक रूप से गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। आमिर ने बताया था कि वह गौरी को करीब 25 वर्षों से जानते हैं और दोनों के बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध रहे हैं।

आमिर खान ने पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से की थी। इस विवाह से उनके दो बच्चे जुनैद खान और आइरा खान हैं। वर्ष 2002 में दोनों का तलाक हो गया था।

इसके बाद आमिर ने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से दूसरी शादी की। इस रिश्ते से उनका एक बेटा आज़ाद राव खान है। वर्ष 2021 में आमिर और किरण राव ने आपसी सहमति से अलग होने की घोषणा की थी। हालांकि दोनों आज भी अपने बेटे के पालन-पोषण और पेशेवर संबंधों को मिलकर निभा रहे हैं।

आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी लंबे समय से चर्चा का विषय बनी हुई थी। अब दोनों अपने रिश्ते को नया नाम देने जा रहे हैं। निजी समारोह होने के बावजूद इस शादी पर पूरे देश और फिल्म जगत की नजरें टिकी हुई हैं।

SP_Singh AURGURU Editor