अक्षय कुमार की सादगी पर फिदा अक्षरा सिंह,  बोलीं- एक्टर ने 104 डिग्री बुखार में शूट किया था गाना

अक्षरा सिंह ने अक्षय कुमार के लिए जहां एक प्यारा पोस्ट लिखा है, वहीं एक इंटरव्यू में बताया कि एक्टर ने 104 डिग्री बुखार होते हुए भी उनके साथ 'घिस घिस' गाना शूट किया था। अक्षरा ने कहा कि वह अक्षय की सादगी और विनम्रता पर फिदा हैं।

Jun 25, 2026 - 22:05
 0
अक्षय कुमार की सादगी पर फिदा अक्षरा सिंह,  बोलीं- एक्टर ने 104 डिग्री बुखार में शूट किया था गाना

 
 
मुंबई। भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह अब अक्षय कुमार के साथ उनकी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आएंगी। इसमें दोनों का गाना 'घिस घिस' पहले ही रिलीज हो चुका है और खूब पसंद किया जा रहा है। हाल ही अक्षरा 'वेलकम टू द जंगल' के एक कार्यक्रम में अक्षय कुमार के साथ नजर आईं। यहां उन्होंने अक्षय की खूब तारीफ की और उनके साथ काम करने को 'सपना सच होने जैसा' बताया। अक्षरा ने कहा कि वह अक्षय की सादगी और विनम्रता पर फिदा हैं।

अक्षरा सिंह ने मुरादाबाद में हुए इस कार्यक्रम से अक्षय कुमार के साथ कुछ तस्वीरें भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कीं। कार्यक्रम में अक्षरा और अक्षय कुमार ने 'घिस घिस' गाने पर डांस भी किया और दोनों खूब मस्ती करते नजर आए। तस्वीरें शेयर कर अक्षरा ने लिखा, 'खिलाड़ी कुमार के साथ यादगार मुरादाबाद। कभी अक्षय कुमार सर को स्क्रीन पर देखकर तालियां बजाती थी, आज उनके साथ स्टेज शेयर कर रही हूं।'  

अक्षरा सिंह ने आगे लिखा है, 'उनका स्टारडम दुनिया देखती है, लेकिन मुझे उनकी सादगी और विनम्रता ने सबसे ज्यादा प्रेरित किया है। उनकी मौजूदगी बेहद प्रभावशाली है, लेकिन उनकी इंसानियत उससे भी ज्यादा खूबसूरत है। मैं बेहद आभारी हूं। इसे संभव बनाने के लिए अपने परिवार और फैंस के सपोर्ट, प्यार और आशीर्वाद का दिल से धन्यवाद।'

अक्षरा ने फिल्म 'वेलकम टू जंगल' की टीम के साथ भी कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। साथ में एक प्यारा नोट भी लिखा है, 'कुछ सपने पर्दे पर पूरे होते हैं, और कुछ सपने पर्दे के पीछे जीने को मिलते हैं। ऐसे शानदार कलाकारों और खूबसूरत टीम के साथ इस सफर का हिस्सा बनना मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा। अब बारी आपकी है, हंसी, रोमांच और मनोरंजन से भरे इस सफर का हिस्सा बनने की।'

अक्षरा सिंह ने बताया कि अक्षय ने 'घिस घिस' गाना 104 डिग्री बुखार होते हुए भी शूट किया था। वह बोलीं, 'सबसे बड़ी बात यह थी कि शूटिंग के दौरान उन्हें 103-104 डिग्री बुखार था। मैं उन्हें लगातार देख रही थी और मुझे एहसास हुआ कि उन्हें अपने काम और अपनी कला से कितना प्यार है। वह बहुत जिम्मेदारी और लगन के साथ काम करते हैं।'

'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार और अक्षरा सिंह के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, जैकी श्रॉफ, दलेर मेहंदी, मीका सिंह, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, उर्वशी रौतेला, फरीदा जलाल, कृष्णा अभिषेक, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, विंदू दारा सिंह, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, पंकज धीर, पुनीत इस्सर, किकू शारदा, फिरोज खान (अर्जुन) और सुदेश बेरी भी हैं। यह 'वेलकम' फ्रेंचाइज की तीसरी फिल्म है और 26 जून को थिएटर्स में रिलीज होगी।