बरेली में आला हजरत खानदान की बहू निदा खान पर हमले की कोशिश, चाकू लेकर घर में घुस आया था युवक, पीड़िता बोली- यह मौलाना तौकीर रजा के गुर्गों और पति की साजिश

बरेली में उस समय सनसनी फैल गई, जब आला हज़रत खानदान से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता निदा खान पर घर में घुसकर एक युवक ने जानलेवा हमला करने की कोशिश की। निदा ने दावा किया कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि एक योजनाबद्ध हमला है, जिसके पीछे उनके पति शीरान रज़ा और जेल में बंद मौलाना तौकीर रज़ा से जुड़े लोगों का हाथ हो सकता है। इस आरोप ने पूरे मामले को बेहद संवेदनशील और हाईप्रोफाइल बना दिया है।

Nov 19, 2025 - 22:37
 0
बरेली में आला हजरत खानदान की बहू निदा खान पर हमले की कोशिश, चाकू लेकर घर में घुस आया था युवक, पीड़िता बोली- यह मौलाना तौकीर रजा के गुर्गों और पति की साजिश

-आरके सिंह-

बरेली। आला हजरत खानदान की बहू और महिला अधिकारों की मुखर आवाज मानी जाने वाली निदा खान मंगलवार रात हुए हमले के बाद सुर्खियों में हैं। घटना रात करीब 9 बजे की है, जब एक युवक काले कपड़ों में उनके घर में घुस आया। उसके कंधे पर बैग था और वह सीधे पहली मंजिल तक पहुंच गया। निदा के अनुसार युवक बार-बार बैग में हाथ डालकर संदिग्ध हरकतें कर रहा था। जब उन्होंने विरोध किया तो उसने बैग से चाकू निकालकर हमला करने की कोशिश की।

घर के लोगों ने शोर मचाया और डंडा उठाया तो युवक उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। पूरा घटनाक्रम घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।

थाना बारादरी प्रभारी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि फुटेज में दिख रहे युवक की पहचान की जा रही है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

पति और मौलाना तौकीर के गुर्गों पर आरोप

निदा खान ने स्पष्ट आरोप लगाया कि यह हमला उनके पति शीरान रज़ा, ससुराल पक्ष और मौलाना तौकीर रज़ा से जुड़े कट्टरपंथी तत्वों की साजिश है। उनका कहना है कि इससे पहले भी उन्हें महीनों से अनजान नंबरों से धमकियां मिल रही थीं। कई बार उनकी गाड़ी का पीछा भी किया गया।

निदा का अपने पति से मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जिसके बाद से ही उन पर दबाव और धमकियों का दौर बढ़ा है। निदा ने कहा कि वह वर्षों से अपने खिलाफ हुए अन्याय और प्रताड़ना पर आवाज उठाती रही हैं, इसी कारण उन्हें चुप कराने की कोशिश की जा रही है।

डीआईजी से मुलाकात करेंगी निदा खान

हमले के बाद निदा खान गुरुवार को डीआईजी अजय कुमार साहनी से मुलाकात कर पूरे मामले से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करेंगी और कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी। उन्होंने कहा कि हालात अब इतने गंभीर हो गए हैं कि वह और उनका परिवार किसी भी बड़े खतरे का सामना कर सकते हैं।

निदा खान का कहना है कि सालों से लड़ रही हूं, डरने वाली नहीं हूं, पर सुरक्षा और न्याय की गारंटी जरूरी है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावर की तलाश तेज कर दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor