गौतम गंभीर की कोचिंग से बर्खास्तगी नहीं,  बीसीसीआई फिलहाल तैयार नहीं,  इस फैसले की कई हैं वजहें

गौतम गंभीर की बतौर भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच स्थिति को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार सवाल उठ रहे हैं। लेकिन फिलहाल बीसीसीआई गंभीर को कोचिंग से नहीं हटाएगी। इसकी कुछ खास वजहें हैं।

Aug 13, 2026 - 10:18
 0
गौतम गंभीर की कोचिंग से बर्खास्तगी नहीं,  बीसीसीआई फिलहाल तैयार नहीं,  इस फैसले की कई हैं वजहें

 

 
 
मुंबई। गौतम गंभीर की बतौर भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच स्थिति को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार सवाल उठ रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद अब हालिया व्हाइट बॉल सीरीज की हार ने भी गंभीर पर दबाव बढ़ा दिया है। हालांकि, फिलहाल उनके लिए राहत की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड गंभीर को हटाने के मूड में नहीं है।

गंभीर के कोच बनने के बाद से भारतीय टीम का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में मिली हार ने काफी निराश किया था। अब आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खराब नतीजों के बाद सफेद गेंद के क्रिकेट में भी उनकी भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। इसके बावजूद रिपोर्ट्स के मुताबिक बीसीसीआई ने गंभीर को फिलहाल हटाने का फैसला नहीं किया है। इसके पीछे दो बड़ी वजहें बताई जा रही हैं।

भारतीय टेस्ट क्रिकेट इस समय बड़े बदलाव से गुजर रहा है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद टीम का पूरा ढांचा बदल गया है। अब शुभमन गिल की कप्तानी में एक नई टेस्ट टीम तैयार की जा रही है। ऐसे में बीसीसीआई का मानना है कि इस बदलाव के दौर में खराब नतीजों को सिर्फ कोच की विफलता के तौर पर देखना सही नहीं होगा। टीम में कई नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित करने का मौका मिल रहा है और उन्हें समय की जरूरत है।

गंभीर के लिए दूसरी बड़ी राहत खिलाड़ियों की चोट से जुड़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई यह भी मानता है कि कुछ महत्वपूर्ण खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी ने टीम के प्रदर्शन को प्रभावित किया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान शुभमन गिल के चोटिल होने को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि अगर गिल पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध रहते, तो मुकाबलों का परिणाम अलग हो सकता था। श्रीलंका दौरे से पहले भी भारत की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। जसप्रीत बुमराह, साई सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर जैसे अहम खिलाड़ी चोट या अन्य कारणों से टीम से बाहर हैं।

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में क्रिकेट प्रमुख के तौर पर वीवीएस लक्ष्मण अपनी भूमिका में सहज हैं. ऐसे में टेस्ट टीम के लिए किसी अंतरिम कोच की नियुक्ति की संभावना भी फिलहाल लगभग खत्म मानी जा रही है। इसके पीछे एक और वजह है। श्रीलंका दौरे के बाद डब्ल्यूटीसी 2025-27 चक्र में भारत के सिर्फ दो टेस्ट सीरीज बाकी रहेंगी। ऐसे में बीच में टेस्ट कोच बदलने का फैसला बीसीसीआई के लिए बहुत ज्यादा व्यावहारिक नहीं माना जा रहा।

सफेद गेंद के क्रिकेट में भी फिलहाल गंभीर की कुर्सी पर कोई बड़ा खतरा नजर नहीं आ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें कम से कम 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम के साथ बनाए रखने की योजना है। यानी फिलहाल गंभीर को लेकर बीसीसीआई का रुख साफ दिखाई दे रहा है। खराब नतीजों के बावजूद बोर्ड तुरंत कोई बड़ा फैसला लेने के बजाय नए खिलाड़ियों वाली टीम को समय देने के पक्ष में है। हालांकि, आने वाली टेस्ट सीरीज और खासकर डब्ल्यूटीसी अभियान में टीम का प्रदर्शन गंभीर के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।