आगरा के चौरंगाहार में दो पक्षों के बीच संघर्ष, चार लोग घायल

आगरा। थाना बाह क्षेत्र के गांव चौरंगाहार में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Mar 10, 2025 - 19:27
 0
आगरा के चौरंगाहार में दो पक्षों के बीच संघर्ष, चार लोग घायल
झगड़े में घायल व्यक्ति अस्पताल में इलाज कराते हुए।

झगड़ा बहुत मामूली बात पर हुआ। एक पक्ष अपने खेत में सिंचाई कर रहा था। उसके खेत का पानी बगल के आलू के खेत में चला गया। आलू उत्पादक किसान ने इसका विरोध किया तो दो पक्ष आपस में उलझ पड़े। दोनों ओर से एक-दूसरे पर लाठी डंडों से प्रहार किए गए। 

एक पक्ष के राज कुमार ने बताया कि गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले तो उनके आलू के खेत में पानी छोड़ दिया। जब विरोध किया तो पांच-छह लोगों ने उनके पक्ष पर हमला बोल दिया, जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। इस बारे में राज कुमार की पत्नी सीमा देवी द्वारा थाना पुलिस को दी गई तहरीर में गांव के ही विजय सिंह, राकेश, छत्रपाल, अंत, छोटू आदि पर धारदार हथियारों से हमला कर पिता रणवीर और पति राज कुमार को घायल करने की बात कही गई है। दूसरे पक्ष की तहरीर अभी सामने नहीं आई है।