दीनदयाल जयंती पर भाजपा ने लिया सेवा कार्यों का संकल्प, क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के बृज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन लाल लोधी के नेतृत्व में 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेते हुए सेवा कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित क्षेत्र और महानगर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना संपूर्ण जीवन अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय को प्रखर विचारक और उत्कृष्ट संगठनकर्ता बताते हुए कहा कि उनकी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा संगठन के लिए वैचारिक मार्गदर्शन और नैतिक प्रेरणा का स्रोत रही है।
भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि पंडित जी ने श्रेष्ठ जीवन जिया और समाज को भी श्रेष्ठ जीवन जीने की राह दिखाई।
विधायक छोटे लाल वर्मा को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र और आगरा महानगर के कार्यकर्ताओं ने फतेहाबाद के भाजपा विधायक छोटे लाल वर्मा को श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा। छोटे लाल वर्मा का 24 सितंबर को निधन हुआ था।
कार्यक्रम में पूरन लाल लोधी, राजकुमार गुप्ता, अशोक पिप्पल, गिर्राज कुशवाह, वीरेंद्र अग्रवाल, सुग्रीव चौहान, डॉ. यादवेंद्र प्रताप सिंह, बीना लवानिया, बबलू लोधी, महेश शर्मा, नवीन गौतम, रोहित कत्याल और विक्रांत तिवारी आदि मौजूद रहे।